बंगाल में बीजेपी सांसद अर्जुन सिंह के घर पर फेंके गए पेट्रोल बम

पश्चिम बंगाल. बंगाल में उपचुनाव की हलचलें तेज होने के साथ ही एक बार फिर हिंसक घटनाएं सामने आने लगी हैं। बुधवार सुबह बीजेपी  सांसद अर्जुन सिंह के घर के बाहर पेट्रोल बम फेंकने की घटना से सनसनी फैल गई। बीजेपी सांसद के घर हुए इस हमले को लेकर राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने चिंता जाहिर की। उन्होंने ट्वीट के जरिए तुरंत कार्रवाई के साथ सांसदी सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

पश्चिम बंगाल में हिंसक घटनाओं का दौर थमता नजर नहीं आ रहा है। विधानसभा चुनाव के दौरान हुई हिंसा को लेकर अब तक जांच चल ही रही है कि उपचुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद प्रदेश में एक बार फिर हिंसा की वारदातें सामने आ रही हैं। बुधवार सुबह बीजेपी के सांसद अर्जुन सिंह के घर पर पेट्रोल बम फेंके जाने की घटना ने हर किसी के सकते में डाल दिया है। खुद राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने भी इस हिंसक घटना को लेकर चिंता जाहिर की है।

राज्यपाल ने बुधवार को ट्वीट के जरिए कहा- पश्चिम बंगाल में प्रचंड हिंसा थमने के कोई संकेत नहीं दिख रहे हैं। एक सांसद के आवास के बहार बम धमाका चिंतित करने वाली बात है और कानून व्यवस्था पर प्रश्न खड़ा करती है। राज्यपाल धनखड़ ने पश्चिम बंगाल पुलिस को तुरंत कार्रवाई करने और सांसद की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।

हमले वक्त घर पर नहीं थे सांसद
नॉर्थ 24 परगना सीट से बीजेपी सांसद अर्जुन सिंह के घर पर तीन क्रूड बम फेंके जाने की बात सामने आई है। घर में सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी के दौरान ही ये घटना हुई है। हालांकि ये गनीमत रही कि जिस वक्त घर पर बम फेंके गए उस समय सांसद और प्रदेश बीजेपी उपाध्यक्ष अर्जुन सिंह मौजूद नहीं थे। लेकिन परिवार के सदस्य उस वक्त घर पर ही थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की है और घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल रही है ताकि बम फेंकने वालों का पता लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *