ग्वालियर में स्वतंत्रता दिवस से पहले देर रात चेन लूटने आए बदमाशों ने पुलिस जवान को गोली मारी
ग्वालियर. ग्वालियर में स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर बेखौफ बदमाशों ने पुलिस जवान पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। चेन लूटने आए बदमाशों को जब आरक्षक ने पकड़ने का प्रयास किया तो उन्होंने पहले दो हवाई फायर किए इसके बाद एक गोली पुलिसकर्मी के पैरों पर चलाई। गोली पैर में लगने से सिपाही घायल हो गया है। फायरिंग करने के बाद बदमाश फरार हो गए हैं। घटना शनिवार रात गोला का मंदिर में बिड़ला हॉस्पिटल के पास की है। पुलिसकर्मी के साथी ने वरिष्ठ अफसरों को सूचना दी साथ ही घायल जवान को जेएएच के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया है। पुलिस ने नाकाबंदी कर बदमाशों की घेराबंदी शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला
गोला का मंदिर थाना में पदस्थ आरक्षक अजय प्रताप सिंह भदौरिया अपने साथी जवान जितेन्द्र सिंह के साथ शनिवार रात अपनी बीट में गश्त करते हुए बिड़ला हॉस्पिटल तिराहा सूर्य मंदिर के पास पहुंचे थे तभी उनको कुछ महिलाओं की आवाज सुनाई दी। जवानों ने देखा तो बाइक सवार दो बदमाश दो महिलाओं पर कट्टा या पिस्टल तानकर गहने उतारने के लिए कह रहे थे। इस पर जवानों ने तत्काल महिलाओं के पास पहुंचकर बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन बदमाशों ने पुलिस जवानों को डराने के लिए एक गोली हवा में चला दी इसके बाद भी आरक्षक अजय प्रताप सिंह भदौरिया नहीं माना और बदमाशों से संघर्ष करने भिड़ गया पर बदमाश इतने बेखौफ थे कि उन्होंने एक और हवाई फायर किया। पर जब उन्हें लगा कि यह पुलिस जवान डर नहीं रहा है तो तीसरी गोली उन्होंने जवान के पैरों को निशाना बनाकर सड़क पर चलाई। सड़क से गोली टकराकर जवान के उल्टे पैर में घुटने के नीचे लगी जिससे जवान वहीं गिर पड़ा इसके बाद बदमाश हवा में पिस्टल लहराते हुए फरार हो गए साथ में मौजूद दूसरे जवान ने अजय प्रताप को संभाला और अफसरों को सूचना दी। तत्काल घायल को ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे। जवान की हालत खतरे से बाहर है।
