रेत माफिया के रेत उत्खनन रोकने के लिये आवाजाही मार्ग को जेसीबी से खुदवाया
मुरैना. चम्बल नदी से अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिये पुलिस ने जिले में विशेष अभियान शुरू किया है। इसके तहत थाना बागचीनी और देवगढ़ पुलिस ने अवैध रेत परिवहन के लिये उपयोग किये जाने वाले 2 प्रमुख मार्गो को जेसीबी मशीन से खुदवाकर बन्द करा दिया। पुलिस का मानना है कि इन रास्तों के अवरूद्ध होने से रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों, डम्परों और अन्य भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।
अवैध मार्गो पर होगी कार्यवाही
एसपी धर्मराज मीणा के मुताबिक जिले के संवेदनशील इलाके में पुलिस लगातार निगरानी कर रही है। अवैध रेत परिवहन के लिये उपयोग होने वाले अन्य रास्तों को भी चिन्हित किया जायेगा। आवश्यकता पड़ने पर उन रास्तों को भी इसी तरह अवरूद्ध कराया जायेगा। ताकि अवैध उत्खनन और परिवहन की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
दो स्थानों पर खुदवाए गड्ढे
पुलिस ने अवैध रेत परिवहन के संभावित मार्गों को चिह्नित कर कार्रवाई की।
बागचीनी थाना क्षेत्र: ग्राम दौनारी से जाने वाले रास्ते पर जेसीबी की मदद से खुदाई कराकर मार्ग अवरुद्ध किया गया।
देवगढ़ थाना क्षेत्र: ग्राम सिहौरी में क्वारी नदी के पुल के पास से जाने वाले रास्ते को खुदवाकर बंद कराया गया।
इन रास्तों का इस्तेमाल ट्रैक्टर-ट्रॉलियों सहित अन्य वाहनों से अवैध रेत परिवहन के लिए किए जाने की आशंका थी। पुलिस ने इन मार्गों को बंद कर वाहनों की आवाजाही रोकने की व्यवस्था की है।
