तंजानिया की छात्रा से ग्वालियर में 50 हजार रूपये की ठगी, 13 बार रूपये कराये ट्रांसफर, FIR दर्ज

ग्वालियर. एक विश्वविद्यालय में पढ़ाई कर रही तंजानिया की 22 वर्षीय छात्रा साइबर ठगी का शिकार हुई है। ठगों ने उसे वर्कफ्रॉम होम पार्ट-टाइम जॉब का झांसा देकर 50,000 रूपये ठग लिये। आरोपियों ने रजिस्ट्रेशन, फाइल चार्ज और वेरिफिकेशन फीस समेत अलग-अलग प्रक्रियाओं के नाम पर 15-16 अक्टूबर को पेटीएम के माध्यम से 13 बार में रूपये ट्रांसफर कराये। जब नौकरी नहीं मिली और न ही रूपये वापिस आये ।छात्रा को ठगी का अहसास हुआ। रूपये वापिस मांगने पर आरोपियों ने उसे ब्लॉक कर दिया। शिकायत के बाद सिरोल थाना पुलिस ने शुक्रवार को ई-जीरो पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तंजानिया निवासी हेरियथ जस्टीना ग्वालियर के एक विश्वविद्यालय में स्टूडेंट वीजा पर पढ़ाई कर रही है। वहीं सिरोल थाना इलाके की एमके सिटी टाउनशिप में अपने भाई के साथ रहती है। पढ़ाई का खर्च उठाने के लिये वह इंटरनेट पर वर्कफ्रॉम होम जॉब सर्च कर रही थी। इस बीच 15 अक्टूबर को उसे पार्ट-टाइम जॉब का मैसेज मिला। इसमें घर बैठे काम करने और अच्छा मुनाफा कमाने का ऑफर दिया गया था। छात्रा ने इसे असली जॉब ऑफर समझकर स्वीकार कर लिया।
कभी फाइल चार्ज तो कभी वेरिफिकेशन फीस मांगी
जॉब की प्रक्रिया शुरू करने के नाम पर ठगों ने छात्रा से रुपए मांगने शुरू कर दिए। कभी फाइल चार्ज, कभी वेरिफिकेशन फीस तो कभी अन्य प्रक्रिया का हवाला देकर भुगतान करने को कहा गया। आरोपियों के झांसे में आकर छात्रा ने 15 और 16 अक्टूबर 2026 के बीच Paytm UPI से कुल 13 ट्रांजैक्शन में 50 हजार रुपए भेज दिए।
शिकायत के आधार पर सिरोल थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता के तहत ई-जीरो FIR दर्ज की है। पुलिस छात्रा के Paytm ट्रांजैक्शन और चैट हिस्ट्री की जांच कर रही है। साथ ही, जिन बैंक खातों में रकम ट्रांसफर हुई है, उनके खाताधारकों और आरोपियों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। डीएसपी साइबर मनीष यादव ने बताया कि पीड़िता ने हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत की थी। इसके बाद सिरोल थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
