भाजपा के 3 संगठन मंत्रियों को निगम-मण्डलों की मिलेगी जिम्मेदारी-शैलेन्द्र बरूआ, आशुतोष तिवारी और जितेन्द्र के नाम बनी सहमति, सिंधिया के 4 समर्थक भी होंगे एडजस्ट

भोपाल. मप्र में निगम मण्डलों में जल्द नियुक्तियों के संकेत मिले हैं। राष्ट्रीय स्वयं सेवक (आरएसएस) की पृष्ठभूमि से आने वाले भाजपा के 3 संभागीय संगठन मंत्रियों को निगम मण्डलों की कमान देने की तैयारी हैं। इसमें जितेन्द्र लिटोरिया(उज्जैन संभाग) शैलेन्द्र बरूआ (जबलपुर व होशंगाबाद संभाग) और आशुतोष तिवारी (भोपाल व ग्वालियर संभाग) के नाम सामने आये हैं। इन नामों को लेकर सीएम शिवराज सिंह चौहान और प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा के बीच सहमति हो गयी है।
भाजपा के सूत्रों से मिली खबर के अनुसार राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से भाजपा में आये इन नेताओं को प्रदेशमें बड़ी जिम्मेदारी दिये जाने के कयास कई दिनों से लगाये जा रहे थे। क्योंकि भाजपा संभाग और जिलों में संगठन को नया स्वरूप् देना चाहती है। ऐसा पहली बार हो रहा हैं। जब कि भाजपा के जिलों में तैनात संगठन मंत्रियों को भी हटाया जा रहा है। इन्हें प्रदेश कार्यकारिणी या अन्य पदों पर एडजस्ट करने की तैयारी हैं। नई व्यवस्था के तहत संभागीय मुख्यालयों में संगठन मंत्री रहेंगे।
सरकार के सूत्रों ने बताया है कि निगम मण्डलों की खाली राजनीतिक पदों को भरने के लिये सीएम शिवराज सिंह चौहान और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने 1 अगस्त को कोलार डैम रेस्ट हाउस में बैठक की थी। यह बैठक लगभग 10 घंटे चली थी। इसमें संगठन मंत्रियों को नयी जिम्मेदारी देने पर भी मंथन हुआ था। ऐसा बताया जा रहा है कि सीएम व प्रदेशाध्यक्ष के अलावा प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत और सह-संगठन मंत्री हितानंद के बीच प्रदेश के 6 संभागीय संगठन मंत्रियों में से 3 जितेन्द्र लिटोरिया, शैलेन्द्र बरूआ और आशुतोष तिवारी को निगम मण्डल में पद देने पर सहमति बन गयी है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि मुख्य रूप से निगम-मण्डलों, प्राधिकारणों में अध्यक्ष-उपाध्यक्ष व अन्य पदो ंके लिये नाम तय हो चुके हैं। अगले 5-7 दिनों में विभागवार आदेश जारी कर दिये जायेंगे।
कमलनाथ सरकार के समय हुई थी नियुक्तियां
निगम-मण्डलों में 2018 से नियुक्तियां नहीं हुई है। कमलनाथ ने अपनी सरकार जाते-जाते कुछ जगहों पर नियुक्तियां कर दी थी। 23 मार्च 2020 में शिवराज सरकार आने के बाद बाकी की जगहों पर नियुक्तियां अटकी है। अब नगरीय निकाय व पंचायत चुनाव से पूर्व इन पदों को भरना चाहती है। यह नियुक्तियां नहीं हो पाने के कारण पार्टी नेताओं में असंतोष बढ़ता ही जा रहा है।
सिंधिया समर्थकों को जगह देने पर बनी सहमति
सूत्रों के अनुसार ज्योतिरादित्य सिंधिया के 4 समर्थक नेताओं को निगम मण्डलों में जगह दिये जाने पर मुख्यमंत्री ने सहमति दे दी है। ऐसा माना जा रहा है कि इमरती देवी, ऐदलसिंह कंषाना, मुन्नालाल गोयल और गिर्राज दण्डोतिया को इसमें शामिल किया जायेगा। इन्हें निगम मण्डल में अध्यक्ष बनाया जा सकता है। पिछले भोपाल प्रवास के दौरान सिंधिया की शिवराज और प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा के साथ हुई बैठक में इन 4 नामों को लेकर चर्चा हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *