विधानसभा में विपक्ष का हंगामा, आदिवासी दिवस पर अवकाश की मांग पर कांग्रेस का हंगामा, कमलनाथ और शिवराज के बीच तीखी झड़प, विपक्ष ने किया वहिष्कार
भोपाल. मप्र विधानसभा के मानसून सत्र से पूर्व पहले दिन सोमवार को आदिवासी दिवस को लेकर सदन में जमकर हंगामा हुआ। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि सरकार आदिवासी विरोधी है। इसलिये आदिवासी दिवस पर 9 अगस्त को अवकाश घोषित नहीं किया गया हैं। कांग्रेस विधायकों ने आसंदी के सामने आकर विरोध प्रदर्शन कर सरकार विरोधी नारे लगाये। पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष कमलनाथ ने दिवंगत जनप्रतिनिधियों को श्रद्धांजलि देने से पूर्व कहा है कि मैं आदिवासी दिवस पर श्रद्धांजलि देता हूं। इसका सत्ता पक्ष के विधायकों ने विरोध किया। सीएम शिवराजसिंह चौहान ने कहा है कि कांग्रेस आदिवासियों के मामले में भ्रम फैला रही है। वह श्रद्धांजलि में भी राजनीति कर रही हैं। यह शर्मनाक और घटिया है। सरकार ने आदिवासी दिवस पर अवकाश निरस्त नहीं किया है, बल्कि यह ऐच्छिक है।
कमलनाथ और शिवराज के बीच हुई तीखी झड़प
कमलनाथ और शिवराज के बीच आदिवासियों को लेकर सदन में तीखी झड़प हुई है। लेकिन अध्यक्ष ने इसे कार्यवाही से विलोपित कर दिया है। हंगाम के बीच दिवंगत जनप्रतिनिधियों, विदिशा में लाल पठार में कुएं में गिरने और कोरोना से मरने वालों को श्रद्धांजलि देने के बाद सदन की कार्यवाही मंगलवार की सुबह 11 तक के लिये स्थगित कर दी गयी है।
सदन में कांग्रेस ने दिवंगत नेताओं का अपमान किया
सदन के बाहर शिवराज सिंह ने बताया कि कांग्रेस ने सदन में दिवंगत नेताओं का अपमान किया है। हम कई जनजाति वर्ग से आने वाले नेताओं को श्रद्धांजलि देने वाले थे। लेकिन भ्रम फैलाने के लिये घटिया राजनीति की। उन्होंने कहा है कि श्रद्धांजलि को बाधित किया है। जनजाति वर्ग के लोगों के नाम पर घडि़याली आंसू बहाये। 15 नवम्बर को जनजाति गौरव दिवस मनाया जायेगा। उस दिन अवकाश रहेगा। रोजगार और कोशल विकास के लिये विशेष अभियान चलायेंगे। उनके विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।
बाढ़ पर चर्चा पर फैसला फिलहाल नहीं हुआ
4 दिवसीय मानसून सत्र में ग्वालियर-चंबल संभाग में आई बाढ़ पर चर्चा हो सकती है। विपक्ष चाहता है, आपात स्थिति मानते हुए इस मुद्दे पर बहस के लिए ज्यादा समय निर्धारित किया जाए। सदन की कार्यवाही मंगलवार तक स्थगित होने के बाद सर्वदलीय बैठक हुई, लेकिन इसमें बाढ़ पर चर्चा करने पर सहमति नहीं बनी। इसे लेकर संसदीय कार्य मंत्री डाॅ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि इसका फैसला विधानसभा अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष आपस में बात कर करेंगे।
हंगामे के बाद कांग्रेस का वॉकआउट
सदन में अध्यक्ष गिरीश गौतम जनप्रतिनिधियों के निधन पर बोल रहे थे, तब कांग्रेस विधायक आसंदी के सामने आ गए। उन्होंने सरकार विरोधी नारे लगाए। अध्यक्ष ने विधायकों से कई बार कहा कि वे अपनी सीट पर बैठें। उनकी बात सुनी जाएगी, लेकिन वह नहीं माने। करीब 25 मिनट बाद कांग्रेस विधायकों ने सदन से वॉकआउट कर दिया।
