एक बार किया गया कर्म कभी खाली नहीं जाता – अभिनेता पीयूष मिश्रा
ग्वालियर, अभिनेता पीयूष मिश्रा ने भारतीय पर्यटन एवं यात्रा प्रबंध संस्थान (आईआईटीटीएम) के ग्वालियर स्थित मुख्यालय पहुंचकर कई गतिविधियों में हिस्सा लिया और संस्थान के गौरव को बढाया। संस्थान में आगमन पर निदेशक प्रो. (डॉ.) आलोक शर्मा, नोडल अधिकारी डॉ. सौरभ दीक्षित एवं अन्य वरिष्ठ फैकल्टी सदस्यों द्वारा उनका स्वागत किया गया। जिसके उपरांत निदेशक प्रो. शर्मा एवं पीयूष मिश्रा के बीच थिएटर टूरिज्म और फिल्म टूरिज्म विषय को लेकर विशेष चर्चा हुई और इस दौरान पर्यटन को बढ़ावा देने में कलाकार किस प्रकार योगदान दे सकते हैं इस पर विस्तृत विचार विमर्श हुआ। इस चर्चा के दौरान मितावली के 64 योगिनी मंदिर में फिल्माई गई लघु नाटिका “चतुरान्गना” का प्रदर्शन भी किया गया जिसमें संस्थान के निदेशक द्वारा लिखित कविता पर नृत्य किया गया है, जिसे पियूष जी द्वारा काफी सराहा गया। इस चर्चा का प्रमुख उद्देश्य ग्वालियर में थिएटर टूरिज्म की संभावनाओं को तलाशने और छात्रों को पर्यटन के विभिन्न पहलुओं के बारे में बताना रहा।
थिएटर टूरिज्म और फिल्म टूरिज्म को बेहतर ढंग से समझने के लिए आईआईटीटीएम के छात्रों के लिए हाल ही में एक थिएटर क्लब का गठन किया गया है, आज के मुख्य अतिथि पीयूष मिश्रा द्वारा आज आईआईटीटीएम थिएटर क्लब का उदघाटन किया गया जिसमे उन्होंने फीता काटकर संस्थान में बनाये गए थिएटर क्लब का शुभारंभ किया और क्लब में रखे वाल ऑफ़ फेम बोर्ड पर “आईआईटीटीएम – गजब हो यार” का संदेश लिखकर छात्रों को शुभकामनायें दीं और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। यहाँ कुछ समय बिताकर उन्होंने संस्थान में निर्मित मुक्ताकाशी रंगमंच (ओपन एयर थिएटर) का शुभारंभ किया। 50 सीटर का यह ओपन एयर थिएटर हाल ही में बनकर तैयार हुआ है। मुख्य अतिथि द्वारा संस्थान द्वारा पर्यटन क्षेत्र में किये जा रहे कार्यों की सराहना की गई और संस्थान में मौजूद हरियाली पूर्ण पर्यावरण की भी प्रशंसा की गई।
आज के कार्यक्रम की अगली कड़ी में मुख्य अतिथि ने संस्थान के छात्रों एवं फैकल्टी सदस्यों के साथ समय बिताया जहाँ उन्होंने सभी के सवालों को सुना और जबाब दिया। पर्यटन को लेकर पीयूष मिश्रा ने आईआईटीटीएम द्वारा चलाये जा रहे कोर्सों की जानकारी ली और पर्यटन को कोरोना उपरांत आगामी भविष्य में बहुत बड़ा रोजगार का साधन बताया। छात्रों से बात करते हुए उन्होंने कहा “यदि आप सफल बनना चाहते हैं तो उसके लिए परिश्रम करना होगा। संघर्ष करना ही होगा। यदि आप शार्टकट ढूंढ रहे हैं तो निराशा हाथ लगेगी क्योंकि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता।” पीयूष मिश्रा ने बताया, ‘मैंने बचपन में ही श्रीमद् भागवत गीता पढ़ ली थी। इसकी एक चीज का मुझ पर गहरा असर पड़ा – वो है, एक बार किया गया कर्म कभी खाली नहीं जाता.” उन्होंने जीवन में सफलता के लिए जिद को बहुत जरुरी बताया क्यूंकि सफल होने की जिद आपको आगे बढ़ने के लिए सदैव प्रोत्साहित करती है।
