बाढ़ग्रस्त इलाके में अवैध उत्खनन की शिकायत पर बीजेपी जिला महामंत्री बलदेव अग्रवाल पर हमला करने का प्रयास, बदमाशों ने घेरा, भागकर जान बचाई

ग्वालियर. बाढ़ का पानी उतरा भी नहीं है और अवैध उत्खनन शुरू हो गया। भितरवार के सासन गांव में पहाड़ी से अवैध उत्खनन कर रहे माफियाओं की शिकायत करने पर बीजेपी के जिला महामंत्री बलदेव अग्रवाल पर जानलेवा हमले की साजिश रची गई। बाढ़ प्रभावित लोगों को खाना खिलाकर लौट रहे भाजपा नेता को बाइक सवार बदमाशों ने घेर लिया और उनकी कार के आगे अपनी गाड़ियां अड़ा दी। भाजपा नेता के चालक ने समझदारी दिखाते हुए गाड़ी नहीं रोकी और कट मारकर दूसरे रास्ते पर भगा दी। सीधे भितरवार पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। घटना भितरवार के वार्ड-15 सासन गांव की है। पुलिस ने जब मामले में एफआईआर नहीं की तो भाजपा नेता ने कलेक्टर व एसपी का रास्ता रोककर शिकायत की है। उन्होंने तत्काल पूरे मामले में जांच का आश्वासन दिया है।

भितरवार निवासी बलदेव अग्रवाल व्यापारी हैं, साथ ही वह भाजपा  में जिला महामंत्री भी हैं। भितरवार में आई बाढ़ से प्रभावित लोगों की दिन रात मदद करने में लगे हैं। नगर के वार्ड क्रमांक-15 सासन में वह लोगों को भोजन वितरण करने गए थे। शाम के समय जब भाजपा नेता बलदेव अग्रवाल वापस लौट रहे थे तभी पुलिया के पास डडूमर गांव के अशोक सिंह यादव, मनोज सिंह, इनके साथ 8-10 लोगों ने घेर लिया। कार के सामने बाइकें अड़ा दीं। पर भाजपा नेता की गाड़ी के चालक ने खतरा महसूस किया तो गाड़ी को नहीं रोका। उसने तत्काल पुलिया से नीचे कच्चे रास्ते पर गाड़ी डाल दी और सीधे दौड़ाता हुआ भितरवार थाने पहुंचे और पुलिस को पूरे हमले की जानकारी दी। पुलिस ने आवेदन लेकर जांच का आश्वासन दिया पर इस कार्रवाई से वह संतुष्ट नजर नहीं आए तभी शाम को कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह और पुलिस कप्तान अमित सांघी भी भितरवार के दौरे पर थे जिसके बाद भाजपा नेता ने उनका रास्ता रोककर अपने ऊपर हमले के प्रयास से अवगत कराया साथ ही पुलिस पर कोर्रवाई न करने का आरोप लगाया। कलेक्टर-एसपी ने दोनों ने उन्हें तत्काल मदद का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *