ग्वालियर आए सीएम ने कहा, बाढ़ में भैंस, बकरी, मुर्गी बही तो सरकार मुआवजा देगी, मकान, खाना, कपड़े, मवेशी सब हमारी जिम्मेदारी

ग्वालियर. ग्वालियर के भितरवार में बाढ़ में सब कुछ खो चुके लोगों से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने मुलाकात की है। सीएम ने उनको विश्वास दिलाया है कि हम बच गए यह बड़ी बात है। कपड़े, खाना, मकान, मवेशी वापस दिलाने की जिम्मेदारी हमारी है। यहां चांदपुर गांव में तो सीएम ने ट्रैक्टर पर खड़े होकर लोगों से बात की है। सीएम ने कहा है कि कठिन समय आया है। मानता हूं आप लोगों ने बहुत कुछ खोया है, लेकिन जब तक मैं और हमारी सरकार है आंख में आंसू मत आने देना। मेरा वादा है इस मुसीबत के पार ले जाएंगे। सीएम ने यह भी घोषणा की है कि जिनके घर बह गए हैं उनको घर दिया जाएगा। जिनके मवेशी बह गए हैं, उनका हर्जाना मिलेगा और फसल के नुकसान का भी आंकलन कराया जा रहा है। उसका भी पूरा हर्जाना दिया जाएगा।

ग्वालियर, शिवपुरी, दतिया और श्योपुर में आसमान से बरसी आफत और नदियों के उफान पर आने के बाद जो आपदा आई है, उस पर प्रदेश सरकार काफी गंभीर है। प्रदेश के मुखिया बीते दो दिन में दो बार ग्वालियर सहित अन्य जिलों के बाढ़ग्रस्त इलाकों का दौरा कर चुके हैं। बुधवार को उन्होंने बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का हवाई दौरा किया था।

गुरुवार दोपहर सीएम शिवराज सिंह फिर ग्वालियर पहुंचे। वैसे तो उन्हें यहां से श्योपुर के लिए जाना था, लेकिन वहां बारिश के कारण हेलिकॉप्टर नहीं जा सका। अचानक उन्होंने सड़क मार्ग से लोगों से मिलने के लिए ऐलान कर दिया। उनके साथ प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट, पूर्व मंत्री इमरती देवी, पूर्व विधायक मदन कुशवाह, जिलाध्यक्ष कमल माखीजानी, भाजपा नेता मोहन सिंह, कौशल शर्मा भी थे। सबसे पहले डबरा होते हुए सीएम भितरवार के चांदपुर गांव पहुंचे। यहां लोगों से बात की और उनके साथ सरकार के खड़े होने की बात कही। यहां उन्होंने लोगों से कहा कि अचानक आसमान से आपदा आई। भयंकर वर्षा के कारण आई बाढ़ में हमारा सब कुछ नष्ट हो गया। मैं आपसे कहने आया हूं कि परेशानी है, लेकिन सरकार आपके साथ खड़ी है।

हर नुकसान पर मिलेगा हर्जाना

बाढ़ग्रस्त इलाके में लोगों से बात करते हुए सीएम शिवराज सिंह ने हर नुकसान पर हर्जाने की बात कही है।

जिनके मकान बहे हैं उनको उसके आंकलन के बाद हर्जाना मिलेगा। प्रधानमंत्री आवास योजना की तर्ज पर घर बनवाए जाएंगे

फसल के नुकसान के लिए कलेक्टर आंकलन करवाएंगे। जिसका जितना नुकसान उतना हर्जाना दिया जाएगा

हर परिवार को तत्काल आधा-आधा क्विंटल राशन जिससे तत्काल खाने का संकट पैदा न हो

कपड़े, बर्तन के लिए भी हर्जाना दिया जाएगा

कुआं, नलकूप के लिए 25 हजार रुपए दिए जाएंगे

बड़े मवेशी जैसे भैंस, बेल, गाय का नुकसान हुआ है तो प्रत्येक के लिए 30-30 हजार रुपए हर्जाना दिया जाएगा

छोटे मवेशी जैसे बछड़े, बकरी का नुकसान हुआ है तो प्रत्येक के 10-10 हजार रुपए

मुर्गा या अन्य छोटे जीव भी नष्ट हुए हैं तो 60-60 रुपए प्रत्येक के लिए हर्जाना दिया जाएगा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *