20 सामाजिक संस्थाओं के सदस्यों ने सिरोल पहाडी पर रोपे 500 पौधे
ग्वालियर शहर के प्रत्येक क्षेत्र में एक ग्रीन जोन बनाने के उददेश्य से किए जा रहे पौधा रोपण अभियान के तहत निगम द्वारा सिरोल पहाडी सहित शहर के सभी क्षेत्रों व डिवायडरों पर विशेष अभियान चलाकर पौधारोपण कराया जा रहा है। सिरोल पहाडी सहित विभिन्न स्थानों पर विभिन्न सामाजिक संस्थाओं एवं समाजसेवी नागरिकों की सहभागिता से पौधों का रोपण किया गया।
नोडल अधिकारी पार्क मुकेश बंसल ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे पौधारोपण अभियान के शहर में अलग अलग प्रत्येक क्षेत्र में ग्रीनजोन बनाया जा रहा है। जिसमें पौधारोपण के साथ ही पौधों के संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। स्विफ्निक्स फाउंडेशन संस्था द्वारा निगम के सहयोग से चलाए जा रहे 10 हजार प्लांटेशन ग्वालियर अभियान के चौथे दिन सिरोल पहाड़ी के प्रारंभ वाले हिस्से पर लगभग 500 पौधे लगाए गए।
संस्था के इस अभियान में 20 से अधिक समाजसेवी संस्थाएं एवं उनके सदस्य अभियान में पूर्ण रूप से सहयोग कर रहे है। आज एमएसएमई फोरम के ग्वालियर के चैप्टर के सदस्य मौजूद रहे एवं नगर निगम की टीम भी मौजूद रही। इस अभियान में शुरुवात फाउंडेशन, उपहार फाउंडेशन, ए-1 ट्यूटोरियल्स, वरदान कम्युनिटी, यूथ रियल फाउंडेशन, रॉक फायर एडवेंचर क्लब एवं फोटो फैक्ट्री के वॉलेन्टियर्स एवं नोडल अधिकारी पार्क एवं पार्क निरीक्षक अंकित परिहार सहित निगम का अमला मौजूद रहा।
