सीएम ग्वालियर पहुंचे व बाढ़ग्रस्त जिलों में बने कैम्प में पीडि़तों से मिले, गृहमंत्री ने कहा बांध टूटने की अफवाह फैलाने वालों पर एफआईआर होगी
ग्वालियर. मध्यप्रदेश में लगातार बारिश और कोटा बैराज बांध से छोड़े गए पानी के कारण चंबल नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। चंबल का जलस्तर श्योपुर में 2 मीटर, मुरैना में 6 मीटर और भिंड में 4 मीटर ऊपर है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान हालात जानने गुरुवार को ग्वालियर पहुंचे इसके बाद शिवपुरी जिले के प्रभावित क्षेत्रों में सड़क मार्ग से रवाना होकर वे बाढ़ग्रस्त जिलों में बने राहत कैम्प में पीड़ितों से मिले।
मुख्यमंत्री ने ग्वालियर जाने से पहले आपात बैठक बुलाई थी। बैठक में बाढ़ के हालात व राहत कार्यों की समीक्षा की गई। शिवपुरी और श्योपुर के अफसरों ने बताया कि बिजली के ट्रांसफार्मर और खंभे पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। ऐसे में बिजली का संकट बन गया है। इस पर मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि अन्य जिलों से मैदानी अमले को बाढ़ ग्रस्त इलाकों में भेजा जाए।
बैठक में गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि ग्वालियर चंबल संभाग के बांधों को खोलने से खतरा बढ़ेगा। बांधों के टूटने की अफवाह तेजी से फैल रही है। उन्होंने कलेक्टरों से कहा कि अफवाह फैलाने वालों को चिन्हित कर एफआईआर दर्ज की जाए। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि कोटा बैराज से बुधवार को 2 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया था, जिसके कारण चंबल संभाग में बाढ़ से हालत खराब हुए। इसकी वजह से मुरैना के 89, भिंड के 25 और श्योपुर के 25 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। इसके अलावा सिंध नदी भी उफान पर है।
मृतकों के परिजनों को केंद्र देगा 2-2 लाख रुपए की मदद
मध्यप्रदेश में आई बाढ़ काे लेकर प्रधानमंत्री कार्यालय के एक ट्वीट किया है, जिसमें कहा है कि मध्यप्रदेश के कुछ भागों में जान का नुकसान दुखद है। राज्य सरकार पीड़ितों को हरसंभव सहायता प्रदान करेगी। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय आपदा कोष से मृतकों के आश्रितों को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए की राशि दी जाएगी।
कमलनाथ 7 अगस्त को बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का हवाई दौरा करेंगे
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ 7 अगस्त को ग्वालियर चंबल संभाग में बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का हवाई दौरा करेंगे। कांग्रेस के मीडिया समन्ययक नरेंद्र सलूजा ने बताया कि कमलनाथ शनिवार को ग्वालियर से दतिया, शिवपरी और श्योपुर का हवाई दौरा करेंगे।
