मप्र के शिवपुरी में रेस्क्यू के लिए 3 हेलिकॉप्टर भेजे गए, शिवपुरी व श्योपुर में 250 गांव बाढ़ से घिरे
भोपाल. मध्य प्रदेश में भारी बारिश की वजह से कुछ हिस्सों में हालात बिगड़ गए है। ग्वालियर-चंबल में पार्वती, कूनो, क्वारी और सिंध नदी उफान पर है। शिवपुरी, श्योपुर और गुना में 250 से अधिक गांव बाढ़ में घिर गए है। शिवपुरी में मदद के लिए वायुसेना के 3 हेलिकॉप्टर रेस्क्यू के लिए रवाना हुए।
सीएम शिवराज सिंह ने शिवपुरी के कलेक्टर से चर्चा की। शिवपुरी मुख्यालय से 90 किमी दूर पोहरी तहसील में पार्वती नदी के चारों तरफ हर्रई, बरखेड़ा, सिलपरी गांव में 1500 ग्रामीण पानी के बीच में फंसे है। यहां उन लोगों को पहले निकालने के लिए टारगेट किया गया जिनके घरों में पानी भर गया या रहने लायक स्थिति में नहीं रहा।
वहीं श्योपुर में एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम भेजी गई, 24 घंटे में श्योपुर में 5 इंच, गुना में 4 इंच, शिवपुरी के बैराड़ में 11 इंच बारिश हुई। यहां के विजयपुर कस्बे में बाढ में फंसे 60 लोगों को रेस्क्यू करके निकाला गया। हाईवे पर बने पुल के ऊपर से पानी बह रहा है और इसकी वजह से श्योपुर का राजस्थान से तीसरे दिन भी संपर्क कटा हुआ है।
गुना के कई गांवों में बाढ़ की स्थिति है, यहां दीवार गिर जाने से एक बच्चे की भी मौत हो गई जबकि भिंड में एक बच्चा डूब गया। सतना और रीवा में रात से बारिश नहीं होने से थोड़ी राहत मिली है लेकिन बाढ़ की वजह से गांव में घर गिरने और रास्ते बह जाने की वजह से काफी नुकसान हुआ है।
