ग्वालियर में सीवर चैंबर को लेकर असिस्टेंट कमिश्नर व इंजीनियर भिड़े, एक दूसरे की खोली पोल

ग्वालियर. ग्वालियर में नगर निगम के दो अफसरों के बीच तू-तू मैं-मैं पूरे शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है। नगर निगम के ऑफिशियल वॉटसएप ग्रुप पर असिस्टेंट कमिश्नर संजय मेहता और सीवर सेल के नोडल ऑफिसर इंजीनियर राजेन्द्र भदौरिया के बीच सीवर के ढक्कनों को लेकर बहस हुई जो कुछ ही देर में व्यक्तिगत आरोपों में बदल गई। दोनों ने एक दूसरे पर कमेंट्स करते हुए कुछ फोटो भी अपलोड किए। जब बात अभद्र भाषा शैली और भ्रष्टाचार के आरोपों तक पहुंच गई तो वरिष्ठ अफसरों को बीच में कूदना पड़ा इसके बाद स्थिति सुधरी। यह बात शुक्रवार रात की है और शनिवार रात को यह झगड़े की चर्चा सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। अब यह पता लगाया जा रहा है कि यह ऑफिशियल ग्रुप की बात बाहर मीडिया तक कैसे पहुंची।
बता दें कि शहर में नगर निगम के सभी कार्यों को समय पर और व्यवस्थित तरीके से करने के लिए नगर निगम का ऑफिशियल वॉटसऐप ग्रुप है। इस ग्रुप में कमिश्नर नगर निगम से लेकर उनके स्टेनो, पीए, अन्य अपर आयुक्त और नगर निगम के पब्लिक रिलेशन ऑफिसर शामिल है, लेकिन शुक्रवार रात नगर निगम का यह अधिकारिक ग्रुप अखाड़ा में बदल गया। नगर निगम के अस्टिेंट कमिश्नर संजय मेहता और सीवर सेल के नोडल ऑफिसर इंजीनियर राजेन्द्र भदौरिया के बीच में झगड़ा हो गया।
असिस्टेंट कमिश्नर के कमेंट से शुरू हुई बहस
संजय मेहता- सबसे पहले ऑफिशियल ग्रुप पर नगर निगम असिस्टेंट कमिश्नर ने एक सीवर का खुला फोटो डालकर कहा कि शहर में 100 से ज्यादा सीवर ढक्कन टूटे पड़े हैं।
राजेन्द्र भदौरिया- कहां पड़े है, यह नाले का चैंबर है और यह काम मेरा नहीं हैं।
संजय मेहता- यह आपकी जिम्मेदारी है सही करवाएं।
राजेन्द्र भदौरिया- यह मेरा काम नहीं है आप खुद शहर की सफाई व्यवस्था देखें हर तरफ गंदगी पड़ी है।
संजय मेहता- कुछ सीवर के खुले पड़े चैंबर, टूटे ढक्कन के फोटो डालते हैं।
राजेन्द्र भदौरिया- शहर में कचरा बिखरा पड़े होने के फोटो डालकर जवाब देते हैं।
बहस कुछ ही देर में पर्सनल हो गई
वॉटसऐप ग्रुप पर सीवर ढक्कन को लेकर शुरू हुई बहस कुछ देर बाद व्यक्तिगत आरोप प्रत्यारोप में बदल गई। सीवर सेल के नोडल ऑफिसर इंजीनियर ने असिस्टेंट कमिश्नर पर कुछ पुराने व्यक्तिगत मामलों को लेकर सवाल दाग दिए, इतना ही नहीं लगातार कमेंट्स करते रहे।
बचाव में कूदे अफसर
जब नगर निगम के ऑफिशियल वॉटसएप ग्रुप पर बहस झगड़े और फिर व्यक्तिगत आरोप प्रत्यारोप में बदल गई साथ ही भाषा की मर्यादा भी टूटने लगी तो कुछ वरिष्ठ अफसरों ने वहीं बात को खत्म करने के लिए कहा साथ ही कमिश्नर के पीए ने ग्रुप की मर्यादा बचाए रखने का संदेश दिया तब जाकर दोनों अफसरों की बहस खत्म हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *