जयविलास म्यूजियम में कार्निवाल आज, कार्निवाल में ग्वालियर चंबल अंचल के स्वाद और कला का बिखरेगा जादू
ग्वालियर. कोरोना महामारी के कारण लंबे समय से बंद जयविलास पैलेस में म्यूजियम खुलने जा रहा है। एक अगस्त (रविवार) से यह खुल रहा है। इसके पहले ही दिन जयविलास पैलेस में कार्निवाल लगाया जा रहा है। जिसकी थीम ग्वालियर-चंबल अंचल के स्वाद और कला पर होगी। सीधे शब्दों में कह सकते हैं कि जयविलास पैलेस में 1 अगस्त को स्वाद और कला का जादू बिखरेगा।
जयविलास म्यूजियम की ट्रस्टी प्रियदर्शनी राजे सिंधिया जय विलास पैलेस में आज (रविवार) को कार्निवाल आयोजित कर रही हैं। इस कार्निवल की थीम में ग्वालियर चंबल अंचल की विलुप्त होती कला और संस्कृति पर फोकस रहेगा। क्योंकि कोविड के चलते म्यूजियम आम लोगों के लिए बंद था, लेकिन अब रविवार को फिर से खुलने जा रहा है। ऐसे में इस दिन शहरवासियों को कुछ अनोखा अनुभव कराने के लिए एक दिन का कार्निवाल लगाया जा रहा है। इस कार्निवाल में ग्वालियर-चंबल अंचल की युवा प्रतिभाओं को अपनी कला के प्रदर्शन का मौका दिया जाएगा।
जय विलास पैलैस में म्यूजियम परिसर में ही 30 से 35 काउंटर लगाए जाएंगे। 22 जुलाई को म्यूजियम की ट्रस्टी प्रियदर्शनी राजे सिंधिया और गायत्री सिंह और वसुंधराराजे गायकवाड़ ने बताया था कि इस कार्निवाल में 30 से 35 काउंटर लगाए जाएंगे। जिनमें ग्वालियर चंबल संभाग की कला, संस्कृति और फूड पर फोकस होगा। जिन्हें आने वाले सैलानी खरीद कर लुत्फ भी उठा सकेंगे। साथ ही स्वादिस्ट खाने से लेकर बेकरी का सामान, आकर्षक वस्त्र, वर्कशाप, एवं संगीत का लुत्फ भी सैलानी उठा सकेंगे। इसी के साथ अम्मा की रसोई, एरिका एग्रोटेक, कवि पुष्प, मिशन ऑर्गेनिक प्लानेट, आदि नाम से स्टॉल लगाये जायेंगे। इसी के साथ टेंटू कलाकार, हस्तशिल्प कला के स्टॉल का भी आनंद कार्निवाल में आने वाले देशी और विदेशी सैलानी उठा सकेंगे।
