गृह विभाग से आदेश जारी, मप्र में 10 अगस्त तक बढ़ाया नाइट कर्फ्यू, धार्मिक स्थलों, जिम, सिनेमाघर में लोगों की संख्या सीमित की
भोपाल. मध्य प्रदेश में नाइट कर्फ्यू 10 अगस्त तक जारी रहेगा, गृह विभाग ने शनिवार देर रात को आदेश जारी कर दिए है। इस दौरान रात 11 से सुबह 6 बजे तक भोपाल समेत प्रदेश के सभी शहरी क्षेत्रों में कर्फ्यू रहेगा। ग्रामीण क्षेत्रों से नाइट कर्फ्यू पहले ही सरकार हटा चुकी है।
इससे पहले 19 जुलाई को सरकार ने नाइट कर्फ्यू समेत अन्य प्रतिबंध 31 जुलाई तक लागू रखने के आदेश दिए थे। यह अवधि 10 अगस्त तक बढ़ा दी गई। गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा ने यह आदेश जारी किए साथ ही सभी कलेक्टरों को निर्देश दिए है कि आदेश का कड़ाई से पालन कराएं। नाइट कर्फ्यू की अवधि बढ़ाने के साथ ही सरकार ने धार्मिक स्थलों, जिम, सिनेमाघर आदि में लोगों की संख्या सीमित रखी है।
