ओएफके बनाएगी 10 लाख मल्टीमोड हैंड ग्रेनेड, डीआरडीओ के साथ मिलकर किया है विकसित, पहले चरण में 1 लाख ग्रेनेड तैयार करने है

जबलपुर. भारतीय थल सेना के लिए उपयोग और आमने-सामने के युद्ध में घातक हथियारों में शामिल मल्टी मोड हैंड ग्रेनेड ऑर्डिनेंस फैक्ट्री खमरिया में तैयार होगा। थल सेना ने 10 लाख हैंड ग्रेनेड का ऑर्डर ओएफके को दिया है। पहले चरण में 1 लाख हैंड ग्रेनेड की सप्लाई देनी है। ओएफके ने इस खतरनाक मल्टी मोड हैंड ग्रेनेड को डीआरडीओ के साथ मिलकर चंडीगढ़ में टर्मिनल बैलेस्टिक मिसाइल प्रयोगशाला में तैयार किया है। एक ग्रेनेड 5 मीटर के दायरे में तबाही मचाने की क्षमता रखती है।
आयुध निर्माण खमरिया को इस ऑर्डर की लंबे समय से प्रतीक्षा थी, थल सेना के लिए मल्टी मोड हैंड ग्रेनेड काफी उपयोगी हथियार है। पूर्व में विस्फोट की टाइमिंग में तकनीकी खामियां आ रही थी। अब इसे दूर कर लिया गया है। यह हैंड ग्रेनेड आक्रामक और रक्षात्मक दोनों तरह से उपयोग में लाया जा सकता है। इस हैंड ग्रेनेड को तैयार करने में फैक्ट्री के अधिकारियों और कर्मचारियों ने कड़ी मेहनत की थी।
सेना ने लिमिटेड बल्क प्रोडक्शन क्लीयरेंस जारी किया है। फैक्ट्र को कुल 10 लाख ग्रेनेड बनाने है, पहले लॉट के रूप में 1 लाख हैंड ग्रेनेड तैयार करने का ऑर्डर मिला है। इसका उत्पादन 6 माह में शुरू हो जाएगा। अभी निर्माणी को रॉ मटेरियल जुटाना होगा। हैंड ग्रेनेड तैयार होने पर डीजीक्यूए की ओर से क्षमता और गुणवत्ता की जांच की जाएगी। ये सही रहा तो फिर 9 लाख ग्रेनेड का बल्क प्रोडक्शन क्लीयरेंस एक साथ मिल जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *