नेमावर हत्याकांड के आरोपियों का रसूख खाक, मुख्य आरोपी सुरेंद्र राजपूत के घर व दुकानों को जेसीबी से गिराया दूसरे आरोपी विवेक का घर भी ढहाया
देवास. मप्र के देवास जिले के नेमावर में आदिवासी परिवार हत्याकांड के आरोपियों पर कार्रवाई शुरू हो गई है। शुक्रवार को मुख्य आरोपी सुरेंद्र राजपूत के मकान और दुकानों को गिरा दिया गया। पुलिस ने खड़े होकर जेसीबी से मकानों को तुड़वा दिया। सुरेंद्र के साथी विवेक के घर को भी तोड़ दिया गया है।
प्रशासन ने शुक्रवार को नेमावर बस स्टैंड के पास स्थित वार्ड क्रमांक 10 में मुख्य आरोपी सुरेंद्र पुत्र लक्ष्मण चौहान और उसके भाई वीरेंद्र चौहान के मकान और दुकानों पर जेसीबी लेकर पहुंचा। पुलिस अफसर और जवानों की मौजूदगी में मकान और दुकानों को तोड़ दिया गया। वहीं वार्ड क्रमांक 14 खाईपार नेमावर में स्थित दूसरे आरोपी विवेक पुत्र बबलू तिवारी के पुश्तैनी मकान को भी गिरा दिया गया। बताया जाता है कि यह मकान विवेक के दादा कमल किशोर तिवारी के नाम पर था। कार्रवाई के दौरान कलेक्टर चंद्रमौली शुक्ला, एसपी शिव दयाल सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस का अमला मौजूद था।
3 आरोपी कल तक पुलिस रिमांड पर
गुरूवार को ही पुलिस ने सभी आरोपियों को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया था। न्यायालय ने सुरेंद्र सिंह राजपूत, राकेश निमोरे और करण कोरकू को 3 जुलाई तक के लिए पुलिस रिमांड दिया है। वहीं वीरेंद्र राजपूत, विवेक तिवारी, राजकुमार, मनोज कोरकू को जेल भेज दिया।
