मप्र 12वीं बोर्ड का रिजल्ट लॉक, 10वीं के विषयों की 12वीं की विषयों से मैपिंग की गई
भोपाल. मध्यप्रदेश में काफी मशक्कत के बाद शासन ने 12वीं के रिजल्ट का फॉर्मूला तैयार कर लिया है। फॉर्मला के अनुसार 10वीं से 12वीं विषय की मैपिंग कर दी गई है। इसे 6 श्रेणी में बांटा गया है और तीन श्रेणी मुख्य विषय और तीन श्रेणी भाषा की रखी गई है। इसके अनुसार 10वीं क्लास के 6 विषयों में से टॉप-5 (यानी जिसमें सबसे ज्यादा अंकर मिले हों) के अंकों के आधार पर 12वीं का रिजल्ट तैयार किया जाएगा। परीक्षा फार्म भरने वाले सभी प्राइवेट और नियमित छात्रों को पास किया जाएगा।
प्रायोगिक परीक्षा
इसी तरह प्रायोगिक परीक्षा के लिए निर्धारित मापदंड अनुसार कुल 100 अंकों में से गणना उपरांत 12वीं की परीक्षा के प्रायोगिक भाग वाले विषयों में प्रायोगिक भाग में अंक, छात्र द्वारा 100 में से अर्जित प्राप्त अंकों के प्रतिशत अधिभार के आधार पर प्रदान किए जाएंगे। उदाहरण के लिए यदि किसी छात्र को 70 प्रतिशत अंक प्राप्त होते हैं तो भौतिक शास्त्र के प्रायोगिक भाग में 30 अंकों का 70 प्रतिशत अंक अर्थात 21 अंक प्रदान किए जाएंगे और शेष 49 अंक सैद्धांतिक भाग में प्रदर्शित किए जाएंगे।
यदि कोई छात्र अपने प्राप्तांक से असंतुष्ट रहता है तो कोविड-19 संकटकाल की समाप्ति उपरांत राज्य शासन की अनुमति से आयोजित होने वाली परीक्षा में भाग ले सकेगा। ऐसे छात्रों को परीक्षा परिणाम घोषित होने के 7 दिन के अंदर परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए ऑनलाइन पंजीयन करना अनिवार्य होगा। इस वर्ष हायर सेकेंडरी परीक्षा में सम्मिलित होने वाले समस्त छात्रों पूर्व वर्ष अनुसार अंक सूचियों में केवल श्रेणी अंकित की जाएगी। इस वर्ष 12वीं परीक्षा की मेरिट लिस्ट जारी नहीं की जाएगी।
अन्य राज्य और अन्य बोर्ड से 10वीं परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले प्रत्येक छात्र को संबंधित अग्रेशन संस्था के माध्यम से 5 जुलाई 2021 तक 10वीं की अंकसूची अनुसार अंक भरना और अंकसूची अपलोड करना अनिवार्य होगा। यह प्रक्रिया 29 जुलाई 21 से एमपी ऑनलाइन के माध्यम से की जायेगी। अधिक जानाकरी और 10वीं के विषयों का 12वीं के संकायवार विषयों से मैपिंग की अधिक जानकारी के लिए क्लिक करे।
