पीएम मोदी ने बुलाई हाई लेवल बैठक, जम्मू में ड्रोन हमले से जुड़ी रक्षा चुनौतियों पर चर्चा हुई
नई दिल्ली. जम्मू एयरबेस पर ड्रोन से हुए हमले के बाद सुरक्षा नीति को लेकर पीएम मोदी ने मंगलवार देर शाम को हाई लेवल मीटिंग बुलाई। इस बैठक में गृहमंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शामिल हुए। इस बैठक में सुरक्षा और नीति से संबंधित मुद्दों पर चर्चा हुई। शाम को शुरू हुई इस बैठक में प्रधानमंत्री मोदी को जम्मू के एयरबेस में हुए ड्रोन हमले को लेकर विस्तार से जानकारी दी गई। बैठक के दौरान ड्रोन हमलों की चुनौतियों और उसके उपायों पर चर्चा हुई इसके अलावा सेना को आधुनिक हथियारों से लैस करने और फेंसिंग तकनीक को लेकर भी बातचीत हुई। वहीं जानकारी मिली कि बैठक के दौरान पीएम मोदी ने रक्षा क्षेत्र में भविष्य की चुनौतियों और बलों को आधुनिक उपकरणों से सुसज्जि करने पर भी चर्चा की।
बता दें कि ये भारत में इस तरह का पहला हमला था जिसमें आतंकवादियों ने महत्वपूर्ण ठिकानों पर हमला करने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया, फिलहाल जम्मू वायुसेना स्टेशन पर हुए हमले की जांच एनआईए को सौंप दी गई है। रविवार को तड़के जम्मू में भारतीय वायुसेना स्टेशन पर दो बम गिराए गए जिससे दो वायुसैनिकों को मामूली चोटें आईं। पहला धमाका शहर के बाहरी इलाके सतवरी इलाके में भारतीय वायुसेना के हवाई अड्डे के तकनीकी क्षेत्र में एक इमारत की छत पर हुआ जबकि दूसरा हमला जमीन पर हुआ था। अधिकारियों ने बताया कि ड्रोन द्वारा गिराए गए विस्फोटक सामग्री में आरडीएक्स के कॉकटेल का इस्तेमाल की आशंका है लेकिन अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
