मप्र में दोनों डोज लगवा चुके लोगों को ही सिनेमाघर व कॉलेज में प्रवेश- गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा
भोपाल. मध्य प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि प्रदेश में सिनेमा, मल्टीप्लेक्स, कोचिंग सेंटर, कॉलेज जैसे स्थानों पर कोविड वैक्सीन के दोनों डोज लगवा चुके लोगों को ही प्रवेश दिया जाएगा। प्रदेश सरकार कोरोना संक्रमण को लेकर पूरी तरह सचेत है। नागरिकों की जीवन रक्षा को लेकर किसी तरह की रिस्क लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। गृहमंत्री मिश्रा ने आगे कहा कि मप्र में कोरोना संक्रमण लगभग समाप्ति की ओर है। प्रदेश में पिछले 24 घंटे में 138 मरीज स्वस्थ हुए है जबकि कोरोना के केवल 37 नए केए आए है। कोरोना की संक्रमण दर 0.06 प्रतिशत और रिकवरी रेट 98.70 प्रतिशत है। मप्र में रविवार को कोरोना के 63370 टेस्ट हुए।
नरोत्तम मिश्रा ने आगे कहा कि सरकार प्रदेश में किसी भी कोरोना योद्धा के साथ भेदभाव नहीं कर रही है उनके लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं बनाई और लागू की जा रही है। मप्र पहला ऐसा राज्य है जिसने कोरोना योद्धाओं के दिवंगत होने पर उनके परिजनों को आर्थिक सहायता से लेकर अनुकंपा नियुक्ति तक का प्राविधान किया है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने मप्र में शिक्षण संस्थाओं को लेकर बड़ा निर्णय किया। उन्होंने कहा कि 1 जुलाई से स्कूल तो खुले रहेंगे लेकिन बच्चों को नहीं बुलाया जाएगा। यह बात उन्होंने शैक्षणिक गतिविधियों को लेकर मंत्री समूह के साथ प्रेजेंटेशन के दौरान कही। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों के शुरू करने के लिए 100 प्रतिशत टीकाकरण और कोविड के गाइडलाइन का पालन आवश्यक है। तीसरी लहर भयंकर रूप न ले पाए उसके पहले हमें सभी तरह की सावधानियां रखनी है और तैयारियां करनी है। इसके साथ ही बीएएमएस, बीएचएमएस, बीयूएमएस की समस्त परीक्षाएं जुलाई अंत तक ऑफलाइन होंगी। प्रदेश में अभी स्कूल शिक्षा ऑनलाइन और टीवी के माध्यम से ही दी जाएगी। बच्चों को कक्षाओं में नहीं बुलाया जाएगा। वॉट्सऐप के माध्यम से पाठ्य पुस्तक के आधार पर वर्कशीट उपलब्ध कराई जाएगी।
