मप्र में रविवार को ग्वालियर सहित सातों दिन खुलेंगे बाजार, संडे को कर्फ्यू खत्म

ग्वालियर. शनिवार की रात सीएम शिवराज सिंह के संडे कर्फ्यू खत्म करने की घोषणा के बाद कलेक्टर ग्वालियर ने भी आदेश जारी कर दिए है। मतलब कोरोना पूरी तरह नियंत्रण में है इसलिए अब रविवार को भी बाजार पूरी क्षमता के साथ खुलेंगे। सप्ताह के सातों दिन बाजार, होटल, मॉल, रेस्टोरेंट खोले जा सकते है। संडे कर्फ्यू की जगह नाइट कर्फ्यू रहेगा। मतलब रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक कर्फ्यू रहेगा। रूल ऑफ सिक्स लागू रहेगा और किसी भी बड़े आयोजन की इजाजत नहीं रहेगी।
1 जून से अनलॉक की शुरूआत हुई थी, धीरे-धीरे जैसे-जैसे कोरोना नियंत्रण में आता गया वैसे-वैसे ग्वालियर सहित पूरे मध्य प्रदेश में बाजारों में ढील बढ़ती रही। अब कोरोना पूरी तरह कन्ट्रोल में है। यही कारण है कि शनिवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने संडे कर्फ्यू को खत्म करने की घोषणा की है। लोग रविवार को भी सामान्य तरीके से आवाजाही कर सकेंगे और बाजार भी खुले रहेंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने शनिवार को सोशल मीडिया पर इसकी घोषणा भी की और कहा कि प्रदेश में कोरोना काबू में है। 35 जिले ऐसे है जहां एक भी पॉजिटिव केस नहीं आया है। पॉजिटिविटी दर घटकर 0.06 प्रतिशत रह गई है। सीएम की घोषणा के बाद जिले के प्रभारी कलेक्टर शिवम वर्मा ने क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप सदस्यों से बात कर तत्काल संडे कर्फ्यू खत्म करने के निर्देश जारी किए है।
पूरी क्षमता से खुलेंगे बाजार
सीएम के बाद कलेक्टर ग्वालियर के आदेश जारी होते ही व्यापारियों ने सोशल मीडिया पर आदेश को शेयर करना शुरू कर दिया। व्यापारी अब रविवार के साथ ही सप्ताह के सातों दिन खुलकर व्यापार कर सकेंगे। सुबह 6 से रात 10 बजे तक व्यापार कर सकेंगे बस उनको मास्क, सोशल डिस्टेंस का पालन करना होगा साथ ही खुद का और स्टाफ का वैक्सीनेशन कराना होगा।
शराब की दुकानें  भी खुलेंगी
रविवार को शराब की  दुकानें अभी तक नहीं खुल रही थी लेकिन संडे कर्फ्यू खत्म होने के आदेश के साथ ही तय हो गया है कि शराब दुकानें बाजारों के साथ रात 10 बजे तक खुलेंगी हालांकि आबकारी विभाग से ग्वालियर में दुकानों को लेकर रात तक कोई आदेश नहीं आया था। रात 10 से सुबह 6 बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *