दो दिन के अंदर 18 साल से ज्यादा उम्र के युवाओं को वैक्सीन लगाना शुरू होगा- चिकित्सा शिक्षा मंत्री सारंग
भोपाल. मध्य प्रदेश मे जल्द ही 18 साल से ज्यादा उम्र के युवाओं को भी वैक्सीन लगना शुरू हो जाएगा। चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि अगले 48 घंटे के अंदर हम केंद्र सरकार द्वारा जारी निर्देश के अनुसार वैक्सीन लगाने का कार्यक्रम शुरू कर देंगे इसके लिए ज्यादा से ज्यादा युवा आगे आएं और रजिस्ट्रेशन करवाएं। मंत्री सारंग ने कहा कि सरकार के प्रयास के कारण संक्रमण की चेन को कम करने में सफल हुए है लेकिन यह खुशी मनाने का समय नहीं है। हमें एकजुट होकर कोरोना को हराना है और यह तभी संभव है जब लोग कर्फ्यू के नियमों का पालन करें।
मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि आज कोरोना के केसों में कमी आने से कुछ राहत मिली है। पिछले दिनों से आज की स्थिति में कोरोना का पॉजिटिव रेट कम हुआ है और रिकवरी रेट बढ़ा है। बिस्तर और ऑक्सीजन की आपूर्ति को हर स्तर पर सुनिश्चित किया है और सभी व्यवस्थाओं को व्यवस्थित कर रहे है। अभी कुछ जगह कोविड सेंटर बनाए गए है। जल्द ही मोतीलाल स्टेडियम समेत कुछ और जगह कोविड सेंटर शुरू करने जा रहे हैं।
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वैट सेल बन गई है, अब वैक्सीन 18 साल से ज्यादा उम्र के युवाओं को लगना शुरू होने वाली है। युवा साथियों से अपील करता हूं कि पूरी ताकत के साथ रजिस्ट्रेशन कराए और व्यवस्थित रूप से वैक्सीन लगवाएं और सभी को अनुशासन में रहना होगा। वैक्सीन लगवाने में यह साफ दिखना चाहिए, वैक्सीन को लेकर अब जनता में जागरूकता आई है।
