मप्र के जोबट से कांग्रेस विधायक कलावती का कोरोना से निधन
जोबट. विधायक कलावती भूरिया कोरोना महामारी से जंग हार गई, शनिवार तडके इंदौर के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। निधन की सूचना मिलते ही जोट सहित समूचे अंचल में शोक की लहर है। जिसने भी इस खबर को सुना वह हरप्रभ रह गया। विधायक भूरिया करीब 14 दिन पहले कोरोना संक्रमित हो गई थी और उन्हें झाबुआ के वरदान अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया था जहां से बाद में इंदौर रेफर किया गया था। इंदौर में उन्हें शैल्बी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहीं उन्हें रेमडेसिविर इंजेक्शन समय पर नहीं मिलने की बात स्वजन व स्थानीय कांग्रेस नेता कह रहे है।
बता दें कि 2018 के विधानसभा चुनाव में भूरिया को आलीराजपुर जिले की जोबट विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी ने टिकट दिया था। त्रिकोणीय संघर्ष में 2000 से अधिक मतों से वे विजयी हुई थी इसके पूर्व लगातार तीन बार से अविभाजित झाबुआ की जिला पंचायत अध्यक्ष रहीं। वे झाबुआ विधायक व पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया की भतीजी थीं। जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेश पटेल ने इसे बहुत दुखद खबर बताते हुए कहा कि हमने एक मूल्यवान नेता व विधायक को खो दिया है।
इंदौर में अंतिम संस्कार
जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेश पटेल ने बताया कि स्वजन से हुई चर्चा के अनुसार स्व. भूरिया का अंतिम संस्कार दोपहर इंदौर के मुक्तिधाम में कोरोना गाइडलाइन के तहत किया गया। इस दौरान सिर्फ स्वजन उपस्थित रहें। 25 अप्रैल की सुबह 11 बजे जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा स्व. कलावती भूरिया को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। जिला कांग्रेस ने सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं से अनुरोध किया है कि अपने घर पर रहकर ही श्रद्धासुमन अर्पित करें।
