जेएएच के सुपर स्पेशियलिटी में युवक की मौत के बाद हंगामा, शव, आंख, कान व नाक से बह रहा था खून, डॉक्टर भागे
ग्वालियर. शुक्रवार की दोपहर सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में कोरोना पॉजिटिव पेशेंट की मौत के बाद हंगामा हो गया। हंगामे के दौरान डॉक्टर वहां से भाग गए और मरीज की मौत के 7 घंटे बाद परिजन को शव दिया गया। इस बीच मृतक का चेहरा खून से सना था, आंख, कान व नाक से खून निकल रहा था यह देखकर परिजन भड़क गए। परिजन का आरोप है कि डॉक्टरों पर आंखें निकालकर बेच दी है, युवक की हाल में सगाई हुई थी। मई माह में ही उसकी शादी होने वाली थी। सूचना मिलते ही पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने किसी तरह स्थिति को संभाला।
परिजन जब हॉस्पिटल पहुंचे तो कोई डॉक्टर नहीं मिला
गोला का मंदिर विजयलक्ष्मी विहार निवासी अभिषेक सिंह सिकरवार (27) की तबीयत अचानक बिगड़ी और उसका सीटी स्कैन कराया गया। 16 अप्रैल की रिपोर्ट में लंग्स में संक्रमिण आया इसके बाद परिजन ने मुरार के 7 नंबर चौराहा स्थित निजी कोविड हॉस्पिटल में भर्ती कराया और उसे सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। 3 दिन पहले अचानक हालत बिगड़ गई। उसे जेएएच स्थित सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। गुरूवार की रात परिजन ने उसे वीडियो कॉल किया तो वह दलिया खा रहा था। परिजन संतुष्ट थे कि हालत में सुधार है। रात को अचानक उसकी सांसें उखड़ने लगीं। उसे वेंटिलेटर पर रखा गया। सुबह 5 बजे हॉस्पिटल की ओर से परिजन के पास कॉल पहुंचा कि अभिषेक की मौत हो गई है। परिजन तत्काल हॉस्पिटल पहुंच गए लेकिन वहां कोई डॉक्टर नहीं मिला।
अस्पताल प्रबंधन पर मरीजों के ऑर्गन बेचने तक के आरोप लगाए
हॉस्पिटल पहुंचे परिजन को पहले तो डॉक्टर जरूरी प्रक्रिया कहकर समय लगाते रहे फिर 2 घंटे लिफ्ट खराब होने का बहाना बनाते रहे आखिर में सूचना के 7 घंटे बाद दोपहर 12 बजे परिजन को शव दिया गया। परिजन ने देखा तो मृतक की एक आंख, नाक, कान से ब्लड निकल रहा था। इस पर परिजन ने हंगामा शुरू कर दिया, अभिषेक के भाई सुमित सिकरवार के अनुसार वह देर रात अच्छा था। अगर उसकी मौत सामान्य हुई है तो ताजा ब्लड कैसे चेहरे पर निकल कर आया है उन्होंने अस्पताल प्रबंधन पर मरीजों के ऑर्गन बेचने तक के आरोप लगाए हैं। कंपू थाना पुलिस समेत अन्य थानों का फोर्स पहुंच गया। प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अफसर वहां पहुंचे और अधिकारियों ने जांच का आश्वासन दिया है।
