उप्र से ग्वालियर आ रहे ऑक्सीजन टैंकर बानमोर की फैक्टरी में कर रहे थे खाली, अब मुरैना की 2 फैक्टरी को सील करने की कार्रवाई होगी
ग्वालियर. कोरोना संक्रमण को देखते हुए ऑक्सीजन और रेमडेसिविर इंजेक्शन की जरूरत पूरे देश को है ऐसे में भी लोग इसके दुरूपयोग से बाज नहीं आ रहे है। सोमवार को मेडिकल ऑक्सीजन के दो टैंकर उत्तर प्रदेश से ग्वालियर आ रहे थे लेकिन रास्ते मे मुरैना के बानमोर की फैक्टरी मैग्नम इंडस्ट्रीज और माहेश्वरी रोलर यूनिट में यह टैंकर इंडस्ट्रियल यूज के लिए खाली कराए जा रहे थे। ग्वालियर कलेक्टर को जब इसकी भनक लगी तो टीम ने कार्रवाई की साथ ही ऑक्सीजन टैंकर ग्वालियर लाए गए और अब बानमोर की दोनों फैक्टरी पर भी जल्द एक्शन लिया जाएगा।
प्रशासन को सोमवार शाम सूचना मिली, आगरा से ग्वालियर के लिए आ रहे मेडिकल ऑक्सीजन टैंकर को रोक कर बानमोर में इंडस्ट्रियल उपयोग के लिए खाली कराया जा रहा है। इस सूचना को तत्काल मुरैना प्रशासन को बताया गया कि बानमोर में मैग्नम इंडस्ट्रीज और माहेश्वरी रोलर के यहां टैंकर खाली कराया जा रहा है।
मुरैना से अफसरों की टीम पहुंची। टीम वहां पहुंची तो टैंकर खाली करवाया जा रहा था। करीब आधा टैंकर खाली भी हो चुका था। टीमों ने काम रूकवाया इसके बाद टैंकर को ग्वालियर के लिए रवाना किया। कलेक्टर ग्वालियर कौशलेन्द्र सिंह ने कोरोना आपदा के समय ऑक्सीजन के इंडस्ट्रियल यूज पर दोनों फैक्टरी पर कार्रवाई के लिए कहा है।
