मंत्री प्रद्युम्न अचानक जेएएच अस्पताल पहुंचे, ड्यूटी से डॉक्टर मिले गायब
ग्वालियर. ग्वालियर में कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए किए जा रहे सरकारी प्रयासों को परवान चढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने यह जिम्मेदारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह को सौंपी है और बीती रात जब ग्वालियर के सरकारी अस्पताल पहुंचे तो वहां जो नजारा देखा उसे देख उनकी भवें तन गई। उन्होंने इसके बाद अस्पताल में मौजूद मिले स्टॉफ की जमकर क्लास ले डाली।
मंत्री काफी देर तक अस्पताल में रहे और अस्पताल का एक बड़ा हिस्सा घुमा भी। मरीजों से बात भी की और उनके तीमारदारों से पूछा कि सेवाएं कैसी मिल रही है। इसके बाद मंत्री ने आधी रात में ही कलेक्टर को मोबाइल कर जगाया और अस्पताल में मिली अव्यवस्थाओं के बारे में बताया और कहा कि कोल्ड ओपीडी यहां पर है और डॉक्टर माधव डिस्पेंसरी में है नहीं उन्होंने कहा मैं यहां आया हूं और कोल्ड ओपीडी में कोई भी जिम्मेदार नहीं है, यहां सब कुछ अस्त-व्यस्त है।
मंत्री प्रद्युम्न ने देखा कि अस्पताल में हेल्प डेस्क ही नहीं है इसी बात पर उन्हें गुस्सा आ गया और उन्होंने कहा कि जब अस्पताल में हेल्प डेस्क ही नहीं है तो फिर मरीज कहां जाए और किससे पूछे कि कहां उसे दिखाना है और कहा से उसे इलाज मिलेगा। मंत्री प्रद्युम्न जब यह सवाल पूछ रहे थे तब वहां मौजूद स्टॉफ के पास कोई जवाब नहीं था। मंत्री ने तुरंत ही कहा कि सरकारी अस्पताल है और सबसे बड़ा अस्पताल है। लोग बड़ी उम्मीद से यहां आते है उनका कुछ तो ख्याल रखा जाए।
