सुरक्षाबलों को मिली बड़ी कामयाबी, शोपियां एनकाउंटर में 3 आतंकी ढेर, तलाश ऑपरेशन जारी
श्रीनगर. जम्मू कश्मीर के शोपियां में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में 3 आतंकवादी मारे गये हैं। शोपियां जिले में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में शनिवार को एक अज्ञात आतंकवादी मारा गया है। लगातार चले ऑपरेशन के बाद 2 और आतंकी मारे गये हैं। वहीं पुलिस ने 3 आतंकियों के मारने जाने की पुष्टि की है। बताते चलें कि इस दौरान अनंतनाग जिले में भी आतंकवादियों की मौजूदगी की खबर मिलने के बाद मुठभेड हुई। स्थानीय पुलिस के अनुसार दक्षिण कश्मीर के शोपियां सिथत हादीपुरा में आतंकवादियों की मौजदूगी की खबर मिलते ही सुरक्षाबलों ने घेराबन्दी एवं तलाशी अभियान चलाया जिस दौरान आतंकवादी उन पर गोलियां चलाने लगे। इस पर सुरक्षाकर्मियों ने जवाबी कार्यवाही की इस तरह आतंकियों के खात्मे की शुरूआत हुई।
मस्जिद बचाने के लिए सुरक्षाबलों ने रोका था एनकाउंटर
जम्मू कश्मीर पुलिस के IG ने बताया कि आतंकियों की तरफ से लगातार फायरिंग की जा रही थी, लेकिन हम चाहते हैं कि मस्जिद को कोई नुकसान न पहुंचे। इसलिए काफी देर तक एनकाउंटर रूका भी रहा, लेकिन जब आतंकी नहीं माने तो ऑपरेशन फिर से शुरू कर दिया गया। गोलीबारी में सुरक्षाबलों के 3 जवान भी घायल हुए थे।
गुरुवार को 3 आतंकी मारे गए थे
इसके पहले गुरुवार को ही शोपियां के जनमोहल्ला इलाके में एनकाउंटर के दौरान सुरक्षाबलों ने 3 आतंकियों को ढेर कर दिया था। इसके अलावा बुधवार को दोपहर में करीब तीन बजे भी शोपियां शहर के इमाम साहिब में आतंकवादियों ने सुरक्षाकर्मियों पर गोलीबारी की थी। हालांकि, इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ था।गोलीबारी के बाद मची अफरातफरी का फायदा उठाते हुए हमलावर भाग निकले थे। जवानों ने 27 मार्च को भी वनगाम में हुए एनकांउटर में 2 आतंकी ढेर किए थे। इससे पहले भी मनिहाल में 22 मार्च को हुई कार्रवाई में जवानों ने 4 आतंकियों को मार गिराया था।
