ग्वालियर मे मिले 477 संक्रमित, 4 की मौत
ग्वालियर. ग्वालियर में अब कोरोना पिछले अपने सारे रिकॉर्ड तोड़ चुका है, शनिवार शाम तक 477 कोरोना संक्रमित निकले है जो अभी तक के एक दिन में सबसे ज्यादा संक्रमित है। इनमें से 19 जिले के बाहर से है इसके साथ ही चार संक्रमित की उपचार के दौरान मौत भी हुई है इसके साथ ही कुल संक्रमित का आंकड़ा 21364 पर पहुंच गया है। तीन दिन पहले संक्रमित की संख्या 20 हजार पार हुई थी लेकिन तीन दिन में ही यह 21 हजार पार कर गई है। यदि कोरोना संक्रमण की रफ्तार इस तरह ही चली तो जल्द टोटल लॉकडाउन घोषित करने की स्थिति पैदा हो जाएगी।
कोरोना कोर रोकने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस लगातार प्रयास कर रहे है। लगातार बैठकों का दौर जारी है, सड़कों पर जागरूक करने के साथ सख्ती का भी प्रयोग किया जा रहा है। शनिवार को शहर में लॉकडाउन होने के बाद भी 95 सेंटर पर टीकाकरण हुआ इसमें 2074 लोगों ने वैक्सीन लगवाई है।
प्रदेश में लगातार कोरोना संक्रमण बढ़ता जा रहा है, प्रदेश के महानगरों भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर और उज्जैन में हालात बेकाबू होते जा रहे है। यहां 60 घंटे का लॉकडाउन घोषित था लेकिन शनिवार को स्थिति देखते हुए क्राइसिस मैनेजमेंट की बैठक के बाद ज्यादातर बड़े शहरों में शासन ने लॉकडाउन को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है लेकिन ग्वालियर में क्राइसिस मैनेजमेंट की बैठक में यह सहमति बनी थी कि लॉकडाउन को आगे बढ़ाने की अपेक्षा हर दिन शाम 6 बजे बाजार बंद करा दिए जाएंगे। पर शनिवार रात को जब कोरोना पॉजिटिव की रिपोर्ट आई तो कोरोना ब्लास्ट हुआ है। 2137 सैंपल की रिपोर्ट में 477 नए संक्रमित मिले है। इनमें 458 जिले है और अन्य 19 बाहर अन्य जिलों से है। सैंपल देने वालों में हर पांचवा व्यक्ति कोरोना संक्रमित निकला है।
