डबरा न्यायालय के मालखाने से लाखों के जेवर, नगदी व हथियार गायब
डबरा. न्यायालय में जब्त नगदी, जेवर के साथ ही हथियार व अन्य महत्वपूर्ण सामान गायब हो गया। घटना न्यायालय परिसर डबरा की है। घटना का पता चलते ही न्यायलय द्वारा जांच की गई और जांच के बाद तत्कालीन मालखाना इंचार्ज पर मामला दर्ज कराया है। मालखाने से कितना माल गायब हुआ है इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं पुलिस अफसरों की माने तो गयाब हुए माल की कीमत लाखों रुपए में है।
डबरा थाना पुलिस ने बताया कि न्यायालय कर्मचारी अब्दुल जीमल पुत्र मोहम्मद हनीफा ने शिकायत की है कि न्यायालय माल खाने में जमा कराए गए जेवर, नगदी व हथियार के साथ ही अन्य सामान गायब मिला है। मामले का पता चलते ही न्यायालय ने अपने स्तर पर जांच कराई तो पता चला कि जमा माल वर्ष 2013 से 2014 के बीच का गायब है और जब इसकी जांच की तो पता चला कि उस समय राघवेन्द्र सेंगर न्यायालय में माल खाना इंचार्ज थे जिस पर जांच के बाद न्यायालय के आदेश के बाद अमानत में खयानत का मामला दर्ज कर लिया है।
यह सामान गायब हुआ
माल खाने में जब्त 13 कट्टे, दो रायफल, एक पिस्टल के साथ 1 लाख 80701 रुपए के साथ ही अन्य हथिया, जेवर व अन्य बरामद सामान के साथ ही कई मामलों में दुष्कर्म और बिसरा आदि की जब्ती का सामान भी गायब हुआ है।
थानों से जमा कराया हुआ सामान भी गायब
माल खाना रजिस्टर में दर्ज सामान के साथ ही कुछ वह सामान भी गायब है जो थानों से तो जमा कराया गया है लेकिन उनकी जानकारी रजिस्टर में नहीं है।
