शहर में प्रशासन व पुलिस ने सड़कों पर उतरे एसडीएम ने एक दिन में 3 हजार चालान, 16 दुकानें सील, 21 एफआईआर
ग्वालियर. कोरोना के रिकॉर्ड तोड़ आंकड़े और ऊर्जा विभाग के प्रमुख सचिव के 24 घंटे पहले दिए गए सख्ती के निर्देश के बाद जिला प्रशासन-पुलिस ने सड़कों पर उतर सख्ती का रिकॉर्ड तोड़ दिया। मंगलवार को आम दिनों से पांच गुना ज्यादा 2998 रिकॉर्ड तोड़ चालान हुए। 3 लाख रुपये जुर्माना राशि वसूल की गई वहीं शराब दुकान, कपड़ा प्रतिष्ठानों से लेकर किराना दुकानों पर कोरोना गाइडलाइन का पालन न मिलने पर सील करने की कार्रवाई की गई। कुल 16 प्रतिष्ठानों को सील किया गया। कोरोना गाइडलाइन का पालन न करने वाले 21 लोगों पर एफआईआर दर्ज कराई गई है। यह जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवई है। 1200 चालान इसमें पुलिस के है। कोरोना नियंत्रण की रोकथा के लिए अपील-चेतावनी से काम नहीं चल रहा है क्योंकि लोग नहीं मान रहे है यही कारण है कि लगातार और सख्ती बढ़ाई जाएगी।
5 दुकानें सील, एक पर एफआईआर
एसडीएम लश्कर और इंसीडेंट कमांडर अनिल बनवारिया ने 5 दुकानें सील कर एक पर एफआईआर दर्ज करा दी। बाड़ा पर शासकीय प्रेस के पास शराब दुकान को सील कर दिया गया। इसके पास ही राजेश कुशवाह की कपड़ा दुकान को सीलकर राजेश पर कोतवाली में धारा 188 के तहत मुकदमा कायम कराया गया। मोर बाजार में मावा दुकान नं. 67 को कोरोना गाइडलाइन का पालन नहीं करने पर सील किया गया। फालका बाजार में दीपूं इंटरप्राइजेज को सील किया गया। छप्पर वाले पुल पर ऑटो पार्ट्स दुकान राजेश इंटरप्राइजेज को सील किया गया। बाड़ा क्षेत्र में बिना मास्क वालों के कुल 104 चालान काटे गए।
तीन प्रतिष्ठानों को सील किया
एसडीएम मुरार और इंसीडेंट कमांडर पुष्पा पुषाम ने 3 प्रतिष्ठानों को सील किया। मुरार में होटल नारायणम के पास स्थित शराब दुकान, बाबा इंटरप्राइजेज और टेंट दुकान को सील किया। इंसीडेंट कमांडर के साथ आरआर हरनाम सिंह, पटवारी संजय गुप्ता, राजेश राठौर, ज्ञान सिंह राजपूत की टीम ने 56 चालान काटकर 4700 रुपये की राशि वसूली।
बिना मास्क वालों के 204 चालान किए
एसडीएम व इंसीडेंट कमांडर प्रदीप तोमर ने 204 चालान बिना मास्क वालों के किए और बहोड़ापुर क्षेत्र में बंद के आदेश के बाद खुली होने पर गालव जिम को सील किया इसके साथ ही एक किराना की दुकान को सील कर दिया गया।
बिना मास्क के घूम रहे 54 लोगों पर चालानी कार्रवाई
एसडीएम ग्रामीण व इंसीडेंट कमांडर एचवी शर्मा ने बिना मास्क के घूम रहे 54 लोगों पर चालानी कार्रवाई की। थाटीपुर क्षेत्र में अनाउंसमेंट कर दुकानदारों को चेताया गया।
फूलबाग पर टीलाजी कैफे पर छापा मारा और सील कराया
एडीएम रिंकेश वैश्य ने फूलबाग पर टीलाजी कैफे पर छापा मारा और सील कराया। यहां कोरोना गाइडलाइन का पालन नहीं हो रहा था।
