स्टेशन बजरिया पर नाश्ता सेंटर गंदगी में गूंथ रहे थे समोसे कचोरी का मैदा
ग्वालियर. स्टेशन बजरिया के होटलों व नाश्ता सेंटर पर मंगलवार की दोपहर खाद्य विभाग ने छापा मारकर कार्यवाही की है। आगरा चाट सेंटर की किचिन में काफी गन्दगी मिली है इसी गन्दगी के बीच समोसे और कचौरी के लिये मैदा गूंथा जा रहा था। यही नाश्ता बाहर लोग बड़े चाह से खाते हैं। यहां से मैदा, आटा व तेल का सैम्पल लिया है और इसके साथ ही राजमहल रेस्टारेंट, चोटीवाला रेस्टारेंट व बृजवासी चाट सेंटर से भी आटा, सब्जी की ग्रेवी व तेल का सैम्पल लिया गया है। हैरत तो उस वक्त हुई जब स्टेशन बजरिया के होटलों में सीएम के आदेश को ठेंगा दिखाते हुए कस्टमर को बैठाकर खाना परोसा जा रहा था। कोविड गाइडलाइन का पालन नहीं होता पाया गया। खाद्य अधिकारी ने पहली बार चेतावनी देकर छोड़ दिया है। इन सभी प्रतिष्ठानों पर डिप्टी कलेक्टर संजीव खैमरिया के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनुपमा शर्मा, सतीश धाकड़ और सतीश अगरैया ने सैम्पल भरने की कार्यवाही की है।
कोविड गाइडलाइन का नहीं हो रहा पालन
जब टीम स्टेशन बजरिया में कार्रवाई के लिए पहुंची तो वहां होटलों में कस्टमर को बैठाकर खाना खिलाते हुए नजर आए। यह देखकर डिप्टी कलेक्शन संजीव खेमरिया काफी नाराज हुए। होटल संचालकों को हिदायत दी गई कि गृह मंत्रालय से आदेश हैं कि कोरोना की रोकथाम के लिए सिर्फ होटल से खाना सप्लाई कर सकते हैं। बैठाकर खिलाने की इजाजत नहीं है। इस पर होटल संचालकों ने अपनी गलती मानी। पहली गलती थी इसलिए संजीव खेमरिया ने कोई जुर्माना की कार्रवाई नहीं की है। डिप्टी कलेक्टर संजीव खेमरिया का कहना है कि अभी चेतावनी दी है, लेकिन नहीं माने तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
