ग्वालियर में रविवार को लॉकडाउन के कारण साप्ताहिक अवकाश के दिन खुलेंगे बाजार
ग्वालियर. कोविड के बढ़ते संक्रमण के कारण रविवार को लॉकडाउन घोषित किया गया है इस कारण साप्ताहिक अवकाश वाले दिन बाजार खुल सकेंगे लेकिन रविवार को लॉकडाउन पालन अनिवार्य होगा। यह निर्णय सोमवार को आपदा प्रबंधन की बैठक में लिया गया है। वहीं अब व्यापारियों ने इसको लेकर संभागायुक्त-कलेक्टर व सहायक श्रमायुक्त को पत्र भी भेजे है।
बैठक में कलेक्टर कौशलेंद्र सिंह ने कहा कि कोविड के बढ़ते संक्रमण की रोकथाम के लिए शासन-प्रशासन के प्रयासों के साथ समाज के हर वर्ग का सहयोग जरूरी है और सभी के प्रयास से ही संक्रमण की रोकथाम और महा टीकाकरण अभियान को पूरो किया जा सकेगा। सामाजिक, धार्मिक संस्थाओं के साथ प्रबुद्ध नागरिक भी जन-जागृति के कार्य में अपनी भूमिका अदा करें और सभी सदस्यों ने पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। बैठक में सांसद विवेक शेजवलकर, भाजपा जिला अध्यक्ष कमल माखीजानी, भाजपा ग्रामीण अध्यक्ष कौशल शर्मा, संत कृपाल सिंह, पूर्व विधायक रमेश अग्रवाल, मदन कुशवाह, शहरकाजी अब्दुल अजीज कादिरी, भाजपा पूर्व जिला अध्यक्ष देवेश शर्मा, कैट अध्यक्ष भूपेन्द्र जैन, चैंबर ऑफ कॉमर्स सचिव प्रवीण अग्रवाल सहित अन्य उपस्थित थे।
