प्राइवेट अस्पतालों में कोरोना के इलाज के रेट तय, ज्यादा चार्ज करने पर कार्रवाई- सीएम शिवराज सिंह
भोपाल. मध्यप्रदेश में कोरोना की दूसरी लहर भयावह होती जा रही है, पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 3398 केस मिले है। प्रदेश में सबसे ज्यादा संक्रमण दर भोपाल में 19 प्रतिशत पहुंच गई है जबकि इंदौर में 15 प्रतिशत दर्ज की गई है। सरकार ने कोरोना के इलाज के लिए प्राइवेट अस्पतालों के रेट तय कर दिए है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि मरीजों से सरकार द्वारा तय रेट से ज्यादा जार्च लिया गया तो कार्रवाई की जाएगी।
खुले आसमान के नीचे सीएम कार्यालय लगेगा
वहीं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह मंगलवार दोपहर 12.30 बजे से अगले 24 घंटे के लिए मिंटो हॉल में गांधीजी की प्रतिमा के पास स्वास्थ्य आग्रह करने बैठेंगे। मंगलवार को खुले आसमान के नीचे सीएम कार्यालय लगेगा। सीएम ने देर रात कोरोना की मौजूदा स्थिति को लेकर समीक्षा की इस दौरान मुख्य रूप से प्रदेश के हर जिले में कोरोना मरीजों के इलाज के इंतजाम को लेकर चर्चा हुई। सीएम को बताया गया कि भोपाल के हमीदिया अस्पताल के नए भवन में कोरोना के मरीजों का इलाज किया जा रहा है। यहां वर्तमान में 20 वेंटिलेटर की व्यवस्था है लेकिन एक सप्ताह में 50 वेंटिलेटर उपलब्ध कराए जाएंगे।
बैठक में सीएम ने निर्देश दिए कि आरटी-पीसीआर टेस्ट के लिए भी तय दर से अधिक राशि न वसूली जाए। जिस तरह से कोरोना संक्रमण की रफ्तार बढ़ रही है उसे देखते हुए बड़े शहरों के साथ तहसील और ब्लॉक स्तर पर भी पर्याप्त बेड की व्यवस्था की जाए। उन्होंने आगे कहा कि कोरोना से बचाव के लिए लोगों में यह विचार विकसित करना होगा। यदि हम मास्क नहीं लगाएंगे तो हम बीमारी फैलाने के पाप के भागी बनेंगे। कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए किल कोरोना-2 अभियान आरंभ किया जाएगा।
