जिलाध्यक्ष देवेंद्र शर्मा ने महिलाओं के कैबिन बनाने का काम बंद कराया, रूचि गुप्ता ने राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष को शिकायत की
ग्वालियर. नगरीय निकाय चुनाव से ठीक पहले ग्वालियर कांग्रेस में कैबिन को लेकर घमासान छिड़ गया है, यहां कैबिन पॉलिटिक्स हो रही है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष देवेन्द्र शर्मा और महिला कांग्रेस नेत्री रूचि गुप्ता के बीच तलवार खिंची हुई है। असल में रूचि गुप्ता महिलाओं के लिए कार्यालय में अलग से कैबिन बनाना चाहती है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने पहले तो इसके लिए हां कह दी पर जब कैबिन बनना शुरू हुआ तो काम बंद करा दिया। दो दिन से इसी को लेकर हंगाा हो रहा है। सोचने वाली बात यह है कि जिस कांग्रेस की नेशनल प्रेसीडेंट एक महिला है उस कांग्रेस के जिला कार्यालय में महिलाओं के लिए कैबिन पर क्यों ऐतराज है।
क्या है पूरा मामला
शिंदे की छावनी स्थित श्रीमंत माधवराव सिंधिया कांग्रेस कार्यालय में वर्तमान महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष रूचि गुप्ता महिलाओं के लिए कैबिन बनवाना चाहती है। उद्देश्य है महिलाओं के लिए अलग बैठने की व्यवस्था हो इसके माध्यम से वह महिला सदस्यों की परेशानी सुन व समझकर निदान कर सकेंगे। कांग्रेस का मजबूत बनाने के लिए महिला सदस्यों की संख्या को बढ़ाया जा सकेगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष को शिकायत की
महिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. रूचि गुप्ता ने मामले में सोमवार को कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ व महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष मांडवी देवी को मेल के जरिए शिकायत की है। उनको मामले से अवगत कराते हुए महिलाओं के साथ हो रहे पक्षपात का जिक्र किया है।
