कैंसर पीडित वृद्ध का शव मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के बंगले के सामने रखकर जाम लगाया
ग्वालियर. कैंसर पीडि़त वृद्ध बलराज शाक्य के शव को ऊर्जा मंत्री के सरकारी बंगले के सामने रखकर जाम लगाया। वृद्ध ने शनिवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मृतक के घरवालों का आरोप है कि पिछले एक महीने से इलाज के लिए ऊर्जा मंत्री के बंगले के चक्कर लगा रहे थे लेकिन मदद मिलना तो दूर उनकी मंत्री से मुलाकात तक नहीं हो पाई। इस संबंध में मंत्री से संपर्क करने का प्रयास किया लेकिन उनका मोबाइल स्विच्ड ऑफ मिला। पीए मृगेंद्र सिंह ने बताया कि मंत्री इस समय भोपाल में है और सभी को मालूम है कि मंत्री सहज उपलब्ध है, अब इस मामले की मुझे जानकारी नहीं है।
क्या है पूरा मामला
सेवा नगर में निवास करने वाले बलराज शाक्य ने रविवार की शाम को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। वृद्ध के आत्महत्या करने की सूचना मिलते ही ग्वालियर थाना पुलिस पड़ताल करने के लिए मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने शुरूआती जांच के बाद शव को डेड हाउस में रखवा दिया था। पुलिस ने सोमवार की सुबह शव का डाक्टरी परीक्षण कराने के बाद स्वजन को सौप दिया। मृतक बेलदारी करता था उसके दो बेटे है और माली हालत ठीक नहीं है साथ ही वृद्ध कैंसर से पीडित था। पैसे के अभाव में इलाज नहीं हो पा रहा था। छोटे बेटे विष्णु शाक्य का कहना था कि परिवार को मंत्री से इलाज में मदद की काफी उम्मीद थी। मंत्री के कांच मिल स्थित निज निवास व रेसक्रोर्स स्थित सरकारी बंगले गए लेकिन निराशा हाथ लगी। चारों तरफ से निराश होने के बाद पिता ने आत्मघाती कदम उठाया।
अब शव का डॉक्टरी परीक्षण कराने के बाद आक्रोशित घरवाले वृद्ध का शव लेकर मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के शासकीय निवासी पर पहुंच गए। जहां शव रखकर प्रदर्शन किया। जाम भी लगाने का प्रयास किया लेकिन पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घरवालों को समझा-बुझाकर सव को उठवाकर अंतिम संस्कार के लिए भिजवाया।
