सख्त हुई योगी सरकार, 1 मरीज मिलने पर 20 घर सील होंगे
लखनऊ. उत्तर प्रदेश में कोरोना के तेजी से बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकार ने कड़े कदम उठाने के ऐलान किए है। योगी सरकार ने कहा है कि पूरे राज्य में फिर से कंटेनमेंट जोन बनेंगे यही नहीं एक मामला सामने आने पर आस-पास के 20 घरों वाला इलाका सील कर दिया जाएगा और दो मामलों के मिलने पर 60 घर सील हो जाएंगे।
सरकार के यह निर्देश
यूपी में कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर सरकार ने कड़े कदम उठाए है। सरकार ने कहा है कि शहरी इलाकों में कोरोना मरीज मिलने पर इलाके को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया जाएगा जिसमें एक से अधिक केस मिलने पर 60 मकानों का इलाका सील कर दिया जाएगा। इन कंटेनमेंट जोन में लोगों का आवागमन बंद हो जाएगा। वहां के लोगों को 14 दिन तक इसी स्थिति में रहना पड़ेगा। इस स्थिति को बरकरार रखने के लिए इलाके में सर्विलांस टीम सर्वे और जांच करेंगी इसके लिए सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अफसरों को आदेश जारी कर दिया गया है।
अपार्टमेंट्स के लिए भी नियम बने
सरकार ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में बने बहुमंजिले अपार्टमेंट के लिए नियम कुछ अलग होंगे। इस नियम के तहत एक मरीज मिलने पर अपार्टमेंट की उस मंजिल को बंद कर दिया जाएगा जबकि एक से अधिक मरीज मिलने पर ग्रुप हाउसिंग का संबंधित ब्लॉक सील होगा। वहीं 14 दिनों तक एक भी मरीज न मिलने पर ही कंटेनमेंट जोन समाप्त होगा।
