बिसरा की जांच रिपोर्ट से हुआ खुलासा – शराब में था मिथाइल एल्कोहल
ग्वालियर. महाराजपुरा इलाके में 3 लोगों की जाने लेने वाली शराब, जहरीली थी। इसे मिथाइल एल्कोहल मिलाकर बनाया गया था। इसका खुलासा शनिवार को मृतकों के बिसरा जांच रिपोर्ट से हुआ है। मिथाइल एल्कोहल का इस्तेमाल औद्योगिक कार्यो में किया जाता है। मुरैना में मिथाइल एल्कोहल मिली शराब पीने से ही 24 लोगों की जान चली गयी थी। बिसरा जांच रिपोर्ट से यह तो स्पष्ट हो गया है कि शराब में मिथाइल एल्कोहल थी। लेकिन अभी तक पुलिस और आबकारी विभाग की टीम इसकी जड़ तक नहीं पहुंच पायी है।
मृतक प्रदीप परिहार और साथियों ने मालनपुर की देशी शराब की शॉप से शराब खरीदने की बात कही थी। इस शॉप से स्टॉक् का सैम्पल भी लिया गया है जिसकी रिपोर्ट रविवार को आयेगी। एसपी अमित सांघी ने बताया है कि हो सकता है ठेकेदार या दुकान पर काम करने वाले कर्मचारी ने शराब में मिलावट की हो या कहीं मिलावटी शराब मंगाकर दुकान पर खपाई हो इसकी जांच की जायेगी।
गांव के 2 लोगों के नाम पुलिस की पड़ताल में
पुलिस की जांच पड़ताल में चन्दूपुरा और खेरिया मिर्धा के 2 लोगों का नाम अवैध शराब बेचने में सामने आये हैं। इनके बारे में भी जांच चल रही है।
जांच में मिथाइल एल्कोहल, जहर की तरह है
मिथाइल एल्कोहल जहर ही है इसे पीने से बसे पहले आंख की रोशनी कम होना शुरू होती है। अधिक मात्रा में पी लेने से व्यक्ति की मौत हो जाती है। जो मरीज जेएएच में भर्ती हैं उनमें से 2 लोगों की रोशनी तो पहले बहुत कम थी।
डॉ. संजय धवले, प्रोफेसर, मेडीसन विभाग, जीआरएमसी, ग्वालियर
