ग्वालियर में सख्ती का लॉकडाउन, किराना व दूध की डेयरी तक नहीं खुली
ग्वालियर. शहर में आज दूसरे रविवार भी लॉकडाउन रहा है, खास बात यह है कि पिछले रविवार की तरह इस बार किसी तरह की ढील नहीं दी गई। पुलिस-प्रशासन सख्त दिखाई दिया, सुबह से ही मार्केट में सन्नाटा पसरा रहा और चाय-नाश्ता तो दूर बाजार में किराना दुकान तक नहीं खुली। ऐसे में दूसरे शहरों से आने वाले लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।
कोरोना संकट के खतरे को देखते हुए रविवार को लॉकडाउन किया गया जिसके बाद पुलिस-प्रशासन खासा सख्त मूड में दिखाई दिया। बाजार में सुबह से ही पुलिस के पेट्रोलिंग वाहन घूमना शुरू हो गए थे ऐसे में लोगों को लगा कि शायद पिछले रविवार की तरह इस बार भी किराना दुकान खोलने की छूट होगी इसलिए लोगों ने सुबह दुकान खोलने का प्रयास भी किया लेकिन पुलिस ने पहुंचकर दुकानों के शटर गिरवा दिए। सब्जी के ठेले तक आज बाजार में दिखाई नहीं दिए और जो लोग सुबह बिना नाश्ता किए घर से बाहर निकले उनको दिन भर भूखा ही रहना पड़ा क्योंकि शहर में आज कहीं भी खान-पान की दुकान नहीं खुली थी।
बिना मास्क घूमने वालों को खुली जेल भेजा
वहीं दूसरी ओर शहर में चौराहों पर तैनात पुलिस बल ने बिना मास्क घूमने वालों को पकड़कर खुली जेल में पहुंचाया साथ ही जुर्माना भी किया गया है। खुली जेल में लोगों से कोरोना पर निबंध भी लिखवाए गए। ट्रेन या बसों के जरिए शहर में आने वाले लोगों को खान-पान की दुकानें बंद होने के कारण खासी परेशानी झेलना पड़ी है।
