मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला वकील की लूटी सोने की चैन, लुटेरे को तलाशने में जुटी पुलिस
ग्वालियर. सुबह की सैर पर निकली महिला वकील की आंखों में मिर्ची झोंकरकर एक बदमाश ने सोने की चेन लूट की घटना को अंजाम दिया है। यह घटना झांसी रोड थाना क्षेत्र के एजी ऑफिस के नजदीक शुक्रवार की सुबह लगभग 08.30 बजे की है। घटना का पता चलते ही एएसपी हितिका वॉसल, टीआई झांसी रोड मिर्जा आसिफ पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और जांच के बाद शहर की नाकाबंदी की गयी, लेकिन लुटेरा हाथ नहीं आया और पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत पर लूट का मामला दर्ज कर लिया है।
क्या है पूरा मामला
झांसी रोड थाना क्षेत्र के ई.6 हरिशंकरपुरम निवासी विजय लक्ष्मी शर्मा पत्नी बीके शर्मा पेशे से वकील है। उक्त महिला प्रतिदिन की तरह सुबह घर से मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थी। वॉक करते हुए जब वह एजी ऑफिस के पास पहुंची तो एक नकाबपोश युवक उनके पास आया और आते ही मिर्ची पाउडर उस पर फेंक दिया। इसके बाद आरोपी युवक उनके गले से सोने की करीब एक तोला की चेन लूट ले गया। वारदात की शिकार पीड़िता ने शोर मचाया और आरोपी के पीछे भागने का प्रयास कियाए लेकिन आंखों में मिर्ची होने पर वे सफल ना हो सकी। मामले का पता चलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच के बाद आरोपी की तलाश शुरू की।
रंगमहल गार्डन तक दिखाई दिया लुटेरा
पीडि़ता ने पुलिस को बताया कि आरोपी पैदल ही रंगमहल गार्डन की ओर भागा और उसके बाद वह कहां गया। इस का पता नहीं चल पाया है। आरोपी अकेला था या उसका कोई अन्य साथी भी आसपास था, इस बात का पता नहीं चल पाया है।
लुटेरा का यह था हुलिया
पीडि़ता ने बताया कि आरोपी लुटेरा लाल टीशर्ट और नीली जींस पहने था और कद काटी से दुबला पतला था, पुलिस ने लुटेरे के हुलिया के आधार पर तलाश शुरू कर दी गयी है।
लुटेरे का प्रभा होटल से किया था पीछा
पीडि़ता ने बताया कि लुटेरा होटल प्रभा के से उसके पीछे-पीछे आ रहा था। बदमाश का पीछा करने पर उसकी मंशा को समझ नहीं पायी। बदमाश ने पास आकर पहले आंखों में मिर्ची पाउडर फेंका फिर घटना को अंजाम दिया।
शहर के मुख्य मार्गो पर नाकाबंदी की गयी
चेन लूटने की घटना के बाद मैं स्वयं पुलिस बल के साथ घटना पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे फुटेज के माध्यम से लुटेरों को पुलिस तलाश रही है संभवतः जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होगा लुटेरा।
हितिका वॉसल, एएसपी, सिटी
