जीवाजी विश्वविद्यालय के एसबी शर्मा को कार ने मारी टक्कर, घटनास्थल पर मौत
ग्वालियर. जेयू के पिछले गेट पर रिटायर्ड प्रोफेसर को तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौके पर दर्दनाक मौत हो गई। आरोपी कार सवार गाड़ी समेत मौके से फरार हो गया। वहीं विश्वविद्यालय थाना पुलिस के अनुसार आज सुबह राहगीरों ने डायल 100 पर इत्तला दी कि जेयू के पिछले गेट पर तेज रफ्तार कार ने एक एक्टिवा सवार वृद्ध को टक्कर मार दी है। वृद्धा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, हादसके की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।
सिर पर चोट आने से मौके पर ही मौत
यहां सड़क पर वृद्ध की खून से लथपथ लाश पड़ी हुई थी, लाश से 50 मीटर दूर मृतक की एक्टिवा मोपेड गिरी हुई थी। इससे साफ अंदाजा लगाया जा रहा था कि कार ने कितनी स्पीड से वृद्ध की गाड़ी में टक्कर मारी थी। वृद्ध के सिर व चेहरे पर गंभीर चोट आई जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने गाड़ी के नंबर के आधार पर मृतक की पड़ताल की तो शिनाख्त श्याम बिहारी शर्मा के रूप में हुई। उनके बारे में बताया गया कि वे जैन कॉलेज भिंड से सेवानिवृत्त प्रोफेसर थे। इन दिनों जेयू की रिकरेक्शन सेल में अपनी सेवाएं दे रहे थे।
पुलिस सीसीटीवी कैमरे के फुटेज से कार का नंबर पता लगाने में जुटी
वहीं टक्कर मारने वाली गाड़ी के बारे में कोई सुराग नहीं लगा है। पुलिस को चश्मदीद ने इतना बताया कि कार टोयोटा इनोवा है और उस पर यूपी का नंबर दर्ज है। पुलिस चौराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज से कार का नंबर पता लगाने में जुटी है।
