अब गरीबों को घर जाकर दिया जाता है जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ – प्रद्युम्नसिंह तोमर
ग्वालियर मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज मिशन नगरोदय के तहत नगरीय निकायों के लिए 3300 करोड़ रूपये की सौगातें प्रदान की। इसके साथ ही अनेक हितग्राही मूलक योजनाओं के हितग्राहियों को प्रदेशभर में लाभ वितरण और नगरीय निकायों में विभिन्न विकास कार्यों का भूमि-पूजन एवं शिलान्यास किया। इसी के तहत ग्वालियर में 2248 हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किये गए। इसके साथ ही विभिन्न विकास योजनाओं का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने कहा कि मुख्य मंत्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश की सरकार द्वारा गरीबों के उत्थान के लिए तेजी से कार्य किये जा रहे हैं। पहले जहां पात्रता पर्ची के लिए गरीबों को अधिकारियों के एवं दफ्तरों के चक्कर लगाने पडते थे। वहीं अब पात्रता पर्ची घर-घर पहुंचाई जा रही है। इसके साथ ही प्रदेश के गरीबों को अच्छे हॉस्पिटल मिलें, अच्छे स्कूल मिले इसके लिए भी सरकार द्वारा तेजी से कार्य किया जा रहा है।
स्वर्ण रेखा नदी के उपर एलिवेटेड रोड बनाई जा रही
उन्होने कहा कि ग्वालियर के विकास के लिए प्रदेश सरकार द्वारा ऐतिहासिक कार्य किये जा रहे हैं। जिसमें लगभग 900 करोड़ रूपये की लागत से स्वर्ण रेखा नदी के उपर एलिवेटेड रोड बनाई जा रही है। जो कि ग्वालियर के विकास में नये आयाम रचेगी। वहीं पूर्व केन्द्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया एवं ग्वालियर के सांसद श्री विवेक नारायण शेजवलकर के सराहनीय प्रयासों से ग्वालियर शहर के विकास के लिए अनेक योजनायें क्रियान्वित की जा रही हैं, जिनका लाभ आने वाले समय में ग्वालियर के लोगों को मिलेगा।
ग्वालियर सांसद विवेक शेजवलकर ने कहा कि पिछले 15 वर्षों में प्रदेश के मुख्यमंत्री ने मध्य प्रदेश के सभी नगरों को सवांरने का कार्य किया है। ग्वालियर में भी पिछले समय से काफी परिवर्तन आया है तथा निरंतर विकास चल रहा है। आने वाले समय में ग्वालियर शहर का बडी-बडी विकास योजनाओं का लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर देशभर में प्रारम्भ किये गए अमृत महोत्सव के कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा स्वतंत्रता की 75वी वर्ष गांठ पूर्ण होने के उपलक्ष में सावरमती से एक यात्रा प्रारम्भ की जा रही है। यह यात्रा स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले बलिदानियों के लिए समर्पित होगी। इसी तारतम्य में देश के प्रत्येक शहर की तरह ग्वालियर में भी कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं जिसका शुभारंभ वीरांगना लक्ष्मीबाई की समाधी पर माल्यार्पण के साथ किया गया।
ग्वालियर के विकास की 5 वर्ष की योजना की पुस्तक का विमोचन
मिशन नगरोदय के तहत ग्वालियर में आने वाले 5 वर्षों में किस प्रकार सडकों का, पेयजल व्यवस्थाओं का, विद्युत का, सीवर व अन्य विकास योजनाओं का किस प्रकार से विस्तार किया जाएगा। इसकी योजना के संबंध में ग्वालियर के विकास के रोड मैप को लेकर तैयार की गई पुस्तक का विमोचन अतिथियों द्वारा किया गया। जिले की नगर पालिका एवं नगर परिषदों में भी नगरोदय समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम स्वनिधि, मुख्यमंत्री अधोसंरचना तथा सड़कों की मरम्मत के लिये राशि का वितरण कराया गया। जिले में नगर परिषद आंतरी, नगर परिषद डबरा, नगर परिषद पिछोर, नगरपरिषद बिलौआ तथा नगर परिषद भितरवार में कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

