ग्वालियर में हिंदू महासभा की यात्रा से बिगड़ सकती है लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति- जिला प्रशासन
ग्वालियर. हिंदू महासभा की गोड़से यात्रा को लेकर तकरार बढती जा रही है, जिला प्रशासन ने लॉ एंड ऑर्डर का हवाला देते हुए अनुमति देने से इनकार कर दिया है। गुरूवार को जिला प्रशासन ने गोडसे यात्रा निकालने की अनुमति देने से साफ मना कर दिया है। अनुमति नहीं मिलने से हिंदू महासभा के कार्यकार्ताओं में काफी आक्रोश है। गोडसे यात्रा को लेकर 12 मार्च को एक बैठक बुलाई गई है। इसमें राष्ट्रीय नेतृत्व भी हिस्सा ले रहा है इस बैठक में गोडसे यात्रा को लेकर अंतिम फैसला लिया जाएगा। हिंदू महासभा के कार्यकर्ताओं ने कहा कि गोडसे यात्रा को निकालकर ही रहेंगे।
हिंदू महासभा के एक मात्र पार्षद व गोडसे भक्त बाबूलाल चौरसिया के कांग्रेस में शामिल होने के बाद खड़ा हुआ विवाद थमते नजर नहीं आ रहा है उसी के बाद से हिंदू महासभा ने गोडसे यात्रा निकालकर देश भर में गोडसे का सही साहित्य को पहुंचाने का संकल्प लिया था। 14 मार्च को यह गोडसे यात्रा ग्वालियर से शुरू होकर दिल्ली तक निकाली जानी है, हिंदू महासभा को 17 राज्यों से इस यात्रा को लेकर समर्थन भी मिल चुका है।

