सीएम शिवराज की कलेक्टर-कमिश्नर से कॉन्फ्रेंस, देखेंगे प्रदेश में सरकारी जमीनों पर कब्जों की रिपोर्ट, माफिया के खिलाफ चल रहे अभियान की समीक्षा होगी

भोपाल. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह बुधवार सुबह 11 बजे कलेक्टर-कमिश्नर से कॉन्फ्रेंस करेंगे, बैठक में मुख्यमंत्री के समक्ष प्रदेश में सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे और अतिक्रमण की रिपोर्ट का प्रजेंटेशन किया जाएगा। मुख्य सचिव कार्यालय ने सभी जिलों से एक दिन पहले ही जानकारी बुला ली है। मुख्यमंत्री माफिया के खिलाफ चल रहे अभियान की समीक्षा भी करेंगे।
मंत्रालय जानकारों के अनुसार कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस में 11 बिंदुओं पर चर्चा होगी। इस कॉन्फ्रेंस को इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि जल्दी ही प्रदेश में नगरीय निकाय एवं पंचायत चुनाव होने वाले है। पिछले दो बैठकों में 6 आईएएस और आईपीएस अफसरों पर गाज गिर चुकी है। पिछली बैठक 8 फरवरी को हुई थी। बैठक के बाद मुख्यमंत्री के निर्देश पर बैतूल व गुना कलेक्टर और नीमच व निवाड़ी एसपी को हटाया गया था। शिवराज का यह एक्शन शराब माफिया और मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई में लापरवाही होने के चलते हुआ।
अब चुनाव से पहले होन वाली बैठक में मुख्यमंत्री का फोकस अवैध कब्जे और अतिक्रमण पर होगा इसके साथ ही कानून व्यवस्था की समीक्षा भी होगी। मुख्यमंत्री आंगनबाडि़यों में पोषण आहार और पूरक पोषण आहार के वितरण की जानकारी कलेक्टरों से लेंगे। इसी तरह ग्रीष्मकाल के दौरान पानी की उपलब्धता और पेयजल संकट से निपटने की तैयारियों पर भी बात करेंगे।
पिछली बैठक के निर्देशों का रिव्यू करेंगे सीएम
मुख्यमंत्री ने पिछली बैठक में कई जिलों के अफसरों को बेहतर तरीके से काम करने की चेतावनी दी थी। सरकार की प्राथमिकताओं को लेकर परफार्मेंस के आधार पर टॉप-5 और 5 फिसड्डी जिलों की ग्रेडिंग की जाती है। पिछली बैठक में फिसड्डी रहे जिलों के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षकों से परफार्मेंस ठीक करने को कहा गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *