बालिकाओं ने मैराथन में की भागीदारी स्वस्थ होगी तभी परिवार और देश स्वस्थ रहेगा –यशोधराराजे सिंधिया
ग्वालियर अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर राजमाता विजयाराजे सिंधिया राष्ट्रीय मैराथन का आयोजन किया गया। सोमवार को कटोराताल स्थित थीम रोड़ से फूलबाग तक मैराथन दौड़ आयोजित की गई। मैराथन को प्रदेश की खेल एवं युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। मैराथन दौड़ में जूनियर एवं सीनियर वर्ग की बालिकाओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। इसके पश्चात शहर की महिलाओं ने जागरूकता रैली भी निकाली।
थीम रोड़ से प्रारंभ हुई मैराथन दौड़ के शुभारंभ अवसर पर हरियाणा के पूर्व राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी, पूर्वमंत्री अनूप मिश्रा, नारायण सिंह कुशवाह, पूर्व महापौर श्रीमती समीक्षा गुप्ता, पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ ही कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रमसिंह, पुलिस अधीक्षक अमित सांघी, निगम आयुक्त शिवम वर्मा, सीईओ जिला पंचायत किशोर कान्याल, सीईओ स्मार्ट सिटी श्रीमती जयति सिंह, एडीएम रिंकेश वैश्य और बड़ी संख्या में मैराथन में भाग लेने वाले प्रतिभागी उपस्थित थे।
प्रदेश की खेल एवं युवा कल्याण मंत्री ने फूलबाग मैदान पर पुरस्कार वितरण करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा चलाए जा रहे फिट इंडिया अभियान की तर्ज पर मध्यप्रदेश में भी निरंतर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब महिलायें स्वस्थ रहेंगीं तो परिवार और देश स्वस्थ रहेगा। स्वस्थ देश ही विश्व पटल पर अपनी पहचान बनाने में कामयाब होगा। ग्वालियर में भी फिट इंडिया अभियान के तहत प्रति माह कोई न कोई आयोजन हो, इसके प्रयास किए जायेंगे। मैराथन में भाग लेने वाली विजेता, उप विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। उन्होंने प्रतिभागियों से यह भी कहा कि जिन लोगों को पुरस्कार नहीं मिले हैं वे और मेहनत करें ताकि आगामी प्रतियोगिताओं में उन्हें पुरस्कार मिल सकें।
कार्यक्रम के पुरस्कार वितरण समारोह में नगद राशि के साथ-साथ नगर निगम के सहयोग से 25 महिलाओं को साइकिल वितरित भी की गई। मैराथन में जिन संस्थाओं ने अपनी सहभागिता की, उनमें खेल विभाग, जेसीआई इंडिया, लॉयंस क्लब, जीवाजी क्लब, ओलम्पिक संघ, नगर निगम, महिला पॉलीटेक्निक, महिला एवं बाल विकास, रोटरी क्लब, भारत विकास परिषद, महिला मोर्चा, खेल संघ, आईटीएम यूनिवर्सिटी, जीवाजी यूनिवर्सिटी, विक्रांत कॉलेज शामिल हैं।

