ग्वालियर में लंबे इंतजार के बाद 408 प्रधान आरक्षकों को एक स्टार व 317 सिपाहियों को तीन फीती लगी

ग्वालियर. लंबे इंतजार के बाद 408 प्रधान आरक्षकों के कंधे पर एक स्टार व 317 सिपाहियों को तीन फीती लगाकर हैड साहब कहलाने का गौरव हासिल हुआ। 3 मार्च को नए प्रविधानों के तहत सिपाही को प्रधान आरक्षक और हवलदार को एएसआई का कार्यभार सौंपने की सूची जारी हो गई। सूची जारी होने के साथ ही शहर व देहात के थानों में खुशी का माहौल था। हैड साहब ने दरोगा बनने पर और सिपाही ने हैड साहब बनने पर एक दूसरे को बधाई दी साथ ही मुंह मीठा कराया। रात में सूची जारी होने के साथ ही सुबह इनकी वर्दी लगा गई। कुछ जवानों ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों से कांधे पर स्टार और फीती लगवाकर विधिवत अपने दायित्व का कार्य संभाल लिया। थानों में खुशी का माहौल देखकर ऐसा लग रहा था कि 25 दिन पहले ही पुलिस विभाग ने होली मना ली।
दो सैकड़ा से अधिक जवान पदेान्नति के इंतजार में रिटायर्ड
पदोन्नति का मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन होने के कारण प्रमोशन नहीं हो पा रहे थे। रेंज में दो सैकड़ा से अधिक जवान पदेान्नति के इंतजार में रिटायर्ड हो गए जिसके बाद पुलिस विभाग विवेचकों की कमी से जूझ रहा था। राज्य शासन ने विधि विशेषज्ञों की राय लेकर प्रमोशन के मापदंड पर खरे उतरने वाले जवानों को एक पद ऊपर का कार्य सौंपने का विकल्प तलाश किया। एक पद ऊपर का कार्यभार संभालने वाले कई सिपाही ऐसे में जिन्हें वेतनमान एएसआई पद का मिल रहा है लेकिन अब तक हैड साहब तक नहीं बन पाए थे। रात को आईजी व एसपी के हस्ताक्षर से यह सूची जारी की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *