प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा पहले संगठन पदाधिकारियों की घोषणा करेंगे इसके बाद कैबिनेट विस्तार होगा

भोपाल. मध्यप्रदेश में कैबिनेट विस्तार और भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी के स्वरूप को लेकर प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह, संगठन महामंत्री सुहास भगत सहित अन्य पदाधिकारियों की बैठक शुक्रवार को समाप्त हो गई। इस बैठक में तय हुआ कि शिवराज कैबिनेट के विस्तार से पहले भाजपा अपने प्रदेश कार्यकारिणी घोषणा करेगी। मप्र भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा जल्द ही संगठन पदाधिकारियों की घोषणा कर सकते है इसके बाद ही कैबिनेट विस्तार की संभावना है।
उपचुनाव हारने वाले मंत्रियों को निगम मंडलों में एडजस्ट करने पर सहमति बनी
जानकारी के अनुसार शिवराज सरकार में मंत्री बन चुके नेताओं की जगह प्रदेश भाजपा संगठन में नए चेहरों को शामिल किया जाएगा। इसमें युवाओं को तरजीह मिलेगी साथ ही क्षेत्रीय और जातीय संतुलन साधने की कोशिश भी पार्टी द्वारा की जाएगी। भाजपा की इस बैठक में ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थक नेताओं को भी प्रदेश संगठन में पद देने पर चर्चा हुई साथ ही उपचुनाव हारने वाले मंत्रियों को निगम मंडलों में एडजस्ट करने पर सहमति बनी है।
वहीं कैबिनेट विस्तार पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह शनिवार को भी भाजपा विधायकों और सिंधिया समर्थक विधायकों के साथ चर्चा कर सहमति बनाने की कोशिश करेंगे। यदि सहमति नहीं बन पायी तो कैबिनेट विस्तार एक हफ्ते के लिए टल जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *