मुख्यमंत्री से मिले प्रदेश अध्यक्ष व संगठन महामंत्री, दिल्ली से चर्चा के बाद जारी होगी सूची
भोपाल. राज्यपाल आनंदी बेन पटेल शुक्रवार को भोपाल पहुंच गई है उनके अचानक भोपाल दौरे को लेकर मध्य प्रदेश की सियासत तेज हो गई है। माना जा रहा है कि शिवराज कैबिनेट का विस्तार हो सकता है वहीं अटकलों के बीच भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और संगठन महामंत्री सुहास भगत सीएम शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात करने के लिए सीएम आवास पहुंचे।
हारे तीन मंत्रियों को निगम मंडलों में जगह देने पर विचार हो सकता है
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और संगठन महामंत्री सुहास भगत सीएम हाउस पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ दोनों नेताओं की बैठक हुई, उपचुनाव के नतीजों के 24 दिन बाद हो रही यह मुलाकात मंत्रिमंडल और भाजपा संगठन के विस्तार को लेकर अहम मानी जा रही है। इसमें इस्तीफा देने वाले दोनों पूर्व मंत्रियों तुलसी सिलावट, गोविंद राजपूत के अलावा चुनाव हारे तीन मंत्रियों इमरती देवी, गिर्राज दंडोतिया और एदल सिंह कंसाना को सरकार या निगम मंडलों में जगह देने पर विचार हो सकता है।
दिल्ली से चर्चा के बाद जारी होगी सूची
माना जा रहा है कि इस मीटिंग में संगठन विस्तार पर अहम चर्चा हुई है। कहा जा रहा है कि बीजेपी प्रदेश कार्यकारणी पर चर्चा के बाद दिल्ली मे हाई कमान से चर्चा होगी इसके बाद वीडी शर्मा अपनी टीम का एलान करेंगे।
