जिला कोर्ट में सचिव के रूम पर ताला डालने से शुरू हुई बहस मारपीट में बदली, जमकर लात घूसे चले
ग्वालियर. जिला कोर्ट के अंदर बार एसोसिएशन सचिव के रूम पर ताला डालने से शुरू हुई बहस कुछ ही देर में सड़क पर मारपीट में बदल गई। दोनों पक्ष की तरफ से कुछ अन्य लोग झगड़े में शामिल हुए और सड़क पर जमकर लात घूसे चले। गुंडों की तरह सड़क पर लड़ते वकीलों को रोकने के लिए पुलिस को फोर्स बुलाना पड़ा, किसी तरह पुलिस ने हालात पर काबू पाया। अभी दोनों पक्ष इंदरगंज थाना में मारपीट की शिकायत करने बैठे है। मामला वकीलों के बीच आपस में मारपीट का है इसलिए पुलिस भी सावधानी बरत रही है।
क्या है पूरा मामला
मंगलवार को जिला एवं सत्र न्यायालय इंदरगंज में वकीलों को राहत राशि बंटना थी। जिला कोर्ट में बार एसोसिएशन के सचिव एडवोकेट पवन पाठक जब कोर्ट पहुंचे तो उनके कमरे के दरवाजे पर ताला डला हुआ था। पता लगा कि यह ताला दूसरे पक्ष से बार के अध्यक्ष विनोद कुमार और उनके साथ बिजेन्द्र सिंह तोमर ने डनला है। उनका कहना था कि पवन को साधारण सभा की बैठक कर हटा दिया गया है जबकि पवन का कहना है कि वह निर्वाचित सदस्य है।
इस पर ताले के ऊपर एक ताला पवन ने भी लगा दिया। यहीं से वकीलों के बीच में बहस शुरू हुई जो कुछ ही देर बाद गाली गलौज में बदल गई। एडवोकेट पवन पवन और दूसरे पक्ष से बिजेन्द्र व विनोद के साथ जिला कोर्ट के बाहर एकत्रित हो गए। बाहर निकलते ही कांग्रेस नेता वीरसिंह तोमर बीच में आ गए। पर इसी बीच दोनों पक्ष का सब्र टूट गया और मारपीट शुरू हो गई जिसमें पवन की तरफ से मुंशी विकास मुदगल घायल हुआ है। सड़क पर लात घूंसे चलते देख पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को संभाला।
