नींद टूटी-सफाई अभियान में जुटे निगमायुक्त
ग्वालियर. सफाई व्यवस्था को लेकर अब निगम प्रशासन की नींद टूट गयी है। शनिवार की सुबह नगरनिगम आयुक्त संदीप माकिन और स्वास्थ्य विभाग के उपायुक्त सत्यपालसिंह चौहान ने वार्ड क्रमांक 6 व 10 का निरीक्षण किया। उन्होंने लापरवाही बरतने वाले सहायक दरोगा को हटाने के निर्देश दिये।
निगमायुक्त के निरीक्षण के दौरान सुभाषपुरा, घासमंडी में गंदगी के ढेर देखने को मिले। मौके पर तत्काल कार्यवाही करते हुए सफाई करवाई और जेटिंग मशीन से शौचालय साफ कराये और उसके बाद, गली मोहल्ले में घूम घूम कर सफाई के निर्देश दिये।
लापरवाही बर्दाश्त नहीं
निरीक्षण के दौरान वार्ड 10 के डब्लूएचओ विजय पवार लापरवाही करता मिला। इलाके में न तो सफाई की गई थी न ही वह मौके पर मिला। इस पर आयुक्त ने नाराजगी व्यक्त करते हुए उपायुक्त स्वास्थ्य को डब्लूएचओ को तत्काल हटाने के निर्देश दिए।
घर के बाहर सड़क पर मलबा, जुर्माना
सुभाषपुरी में रोड पर मकान का मलबा मिलने पर आयुक्त द्वारा तत्काल 10 हजार रुपए का जुर्माना करने निर्देश मदाखलत अधिकारी महेंद्र शर्मा को दिए।

