कश्मीर में 24 घंटों में पाक की गोलाबारी में 5 जवान शहीद, सीमा पर हाई अलर्ट

जम्मू कश्मीर. जम्मू कश्मीर में पिछले 24 घंटों के दौरान सीमा पर गोलाबारी व आतंकी हमले में सेना के 5 जवान शहीद हो गए। पाकिस्तान के बढ़ते दुस्साहस को देखते हुए सीमा पर सेना व सुरक्षाबल हाई अलर्ट पर है वहीं 28 नवंबर से शुरू हो रहे डीडीसी चुनाव को देखते हुए सैन्य अधिकारी एलओसी और अंदरूनी इलाकों में स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
पाकिस्तानी सेना ने नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन भी भारी गोलाबारी जारी रखते हुए राजौरी जिले के सुंदरबनी और जम्मू के अखनूर सेक्टर के साथ सटे केरी बट्टल इलाके को निशाना बनाया। पाकिस्तानी गोलाबारी का जवाब देते हुए सेना के 5 जवान शहीद हो गए जबकि एक अन्य घायल हुआ है। भारत सेना ने भी पाकिस्तानी की चौकियों को भारी नुकसान पहुंचाया है। कई पाकिस्तानी सैनिकों के घायल होने की भी सूचना है। शहीदों की पहचान नायक प्रेम बहादुर खत्री निवासी महाराजगंज, उत्तर प्रदेश और राइफलमैन सुखबीर सिंह निवासी तरनतारन, पंजाब के रूप में हुई है। पाकिस्तान सैनिकों ने गत गुरूवार को पुंछ में एलओसी पर भी भारी गोलाबारी की थी जिसमें सेना की 16 गढ़वाल राइफल के सूबेदार स्वतंत्र सिंह शहीद हो गए थे और एक स्थानीय नागरिक भी घायल हुआ था।
गुरूवार की दोपहर को श्रीनगर में आतंकी हमले में सेना की क्विक रिएक्शन टीम के 2 जवान सिपाही रतन सिंह व सिपाही देशमुख यश वीरगति को प्राप्त हुए थे। जम्मू के पीआरओ डिफेंस लेफ्टिनेंट कर्नल देवेन्द्र आनंद ने बताया कि पाकिस्तानी गोलाबारी के बाद भारतीय सेना की ओर से भी त्वरित जवाबी कार्यवाही की गई। भारत की कार्रवाई में पाकिस्तान को भी भारी नुकसान हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *